मोटापा आज के समय में अधिकतर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत और खानपान पर अधिक ध्यान नहीं दे पाते हैं और तेजी से मोटापे की चपेट में आने लगते हैं। वहीं, किसी भी शख्स का वजन जितनी अधिक तेजी से बढ़ता है, इसे कंट्रोल करना उतना ही मुश्किल माना जाता है। ऐसे में लोग अपने मोटे-थुलथुले पेट को कम करने के लिए तमाम तरह के जतन करने लगते हैं। कोई घंटों जिम में पसीना बहाता है, तो कोई खाने-पीने में कटोती करना शुरू कर देता है। हालांकि, इन सब से अलग वेट लॉस के लिए योग को सबसे असरदार और बेहतर विकल्प माना जाता है।

योग ना केवल बढ़ते बॉडी फैट को तेजी से कम करने में असरदार है, बल्कि ये व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने का काम भी करता है। नियमित तौर पर योग करने से अच्छी खासी मात्रा में कैलोरी बर्न होती हैं। इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको तीन ऐसे कमाल के योगासन बताने जा रहे हैं, जो तेजी से पेट की जिद्दी चर्बी को पिघलाने में आपकी मदद कर सकते हैं।

वेट लॉस के लिए करें ये योगासन

धनुरासन

धनुरासन करने से ना केवल पेट बल्कि पीठ की चर्बी को भी कम किया जा सकता है। इसके अलावा इस योगासन के नियमित अभ्यास से ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है, साथ ही पेट से जुड़ी कई समस्याओं में भी राहत मिलती है।

क्या है धनुरासन करने का तरीका?

  • इस योग को करने के लिए सबसे पहले आपको पेट के बल लेटना है।
  • अब अपने घुटनों को अपने कूल्हों की ओर मोड़ लें।
  • इसके बाद अपने दोनों हाथों से अपने टखनों को पकड़ें।
  • अब अपने पैरों और बाजुओं को जितना हो सके ऊपर की ओर उठाएं और अपना चेहरा भी ऊपर रखें।
  • जब तक आप कर सकते हैं तब तक इस मुद्रा में बने रहने का प्रयास करें।

उत्कटासन

उत्कटासन को ‘चेयर पोज’ के नाम से भी जाना जाता है। योग विशेषज्ञ इस आसन के नियमित अभ्यास को काफी लाभकारी मानते हैं। ये हाथ, पैर, जांघ और कंधों की मांसपेशियों को मजबूत करने में सहायक है, पेट और जांघों को टोन करने में मदद करता है, साथ ही हृदय स्वास्थ्य को भी बनाए रखता है।

कैसे करें उत्कटासन?

  • उत्कटासन करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं।
  • अब एक गहरी सांस लेते हुए अपने हाथों को उपर ले जाएं और शरीर को धीरे-धीरे बैठने की मुद्रा में ले आएं।
  • ध्यान रहे आपको कुर्सी पर बैठने की स्थिति में आना है।
  • जब तक आप कर सकते हैं तब तक इस मुद्रा में बने रहने का प्रयास करें और फिर सांस छोड़ते हुए वापस धीरे-धीरे सीधे खड़े हो जाएं।

उत्तानासन

नियमित रूप से उत्तानासन अभ्यास करने से पेट की जिद्दी चर्बी को तो कम किया ही जा सकता है, इसके अलावा ये पिंडली, जांघ, पीठ, कमर व कूल्हे को भी मजबूत बनाने में असरदार है। साथ ही इस योगासन को करने से कब्ज जैसी समस्याएं भी नहीं होती हैं और आंतों के स्वास्थ्य में भी सुधार होता है।

क्या है उत्तानासन करने का तरीका?

  • उत्तानासन करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं।
  • अब पैरों के बीच में एक फीट की दूरी रखें और गहरी सांस लेते हुए हाथों को सीधा ऊपर कर लें।
  • फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए, कमर के हिस्से से शरीर को मोड़ते हुए, नीचे की ओर झुकें।
  • अपने दोनों हाथों से पैरों को छूने की कोशिश करें और अपने सिर को अपने घुटनों पर लगाने की कोशिश करें।
  • इस अवस्था में कुछ सेकंड के लिए रहें।

इन तीन आसन को नियमित रूप से, खासकर सुबह के समय खाली पेट करने से मोटापे को तेजी से कम किया जा सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।