जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक हालत बेहद नाजुक है। रिपोर्ट्स के अनुसार वह साउथ अफ्रीका में हैं और जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार उन्हें कैंसर है। उन्होंने 21 टेस्ट और 68 एकदिवसीय मैचों में भी अपनी टीम की कप्तानी की। बता दें कि पूर्व ऑलराउडंर पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साल 2021 में भ्रष्टाचार को लेकर नियमों की अवहेलना के मामले में बैन लगाया था।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के पूर्व दिग्गज के स्वास्थ्य की जानकारी पूर्व शिक्षा, कला और संस्कृति मंत्री डेविड कोल्टर्ट ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से दी, जबकि खेल पत्रकार माइक मैडोडा ने कहा कि क्रिकेटर को बचाने के लिए चमत्कार की जरूरत है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, ” हीथ स्ट्रीक अपने आखिरी पड़ाव पर हैं। परिवार ब्रिटेन से दक्षिण अफ्रीका आ रहा है … अब केवल एक चमत्कार ही उन्हें बचा पाएगा। प्रार्थना जारी है।”

1993 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू

10 नवंबर, 1993 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 49 वर्षीय स्ट्रीक ने अपने देश के लिए पदार्पण किया। इसके बाद हीथ ने जिम्बाब्वे के लिए 189 वनडे और 65 टेस्ट मैच खेले। स्ट्रीक ने खेल के सबसे लंबे प्रारूप में 22.35 के औसत से 1990 रन बनाए, जबकि 28.14 के औसत से 216 विकेट लिए। व्हाइट-बॉल क्रिकेट में, हीथ ने 2943 रन बनाए और उनके खाते में 239 विकेट हैं। साल 2005 में वह आखिरी बार खेले थे।

2021 में स्ट्रीक को खेल से निष्कासित कर दिया गया था

हालांकि, 2021 में स्ट्रीक को खेल से निष्कासित कर दिया गया था। पता चला था कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के भ्रष्टाचार विरोधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया था। आईसीसी ने स्ट्रीक पर 8 साल का बैन लगाया था। उन्होंने अपनी गलती मानते हुए इसकी पूरी जिम्मेदारी ली थी और माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि वह कभी भी मैच फिक्सिंग में शामिल नहीं रहे।