जिम एफ्रो टी10 2023 ( Zim Afro T10 2023) में हरारे हरिकेन के बल्लेबाज डोनावन फरेरा ने 25 जुलाई 2023 की रात को एक ही ओवर में लगातार 5 छक्के ठोककर सनसनी मचा दी। हरारे हरिकेन और केपटाउन सैम्प आर्मी के बीच रोमांचक मैच टाई रहा और सुपर ओवर में इसकी नतीजा निकला। फरेरा की धुआंधार बल्लेबाजी की मदद से इयोन मोर्गन की अगुआई वाली हरारे हरिकेन ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 115 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

इसके जवाब में पार्थिव पटेल की अगुआई वाली केपटाउन सैम्प आर्मी ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 115 रन बनाए। मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर हुआ। पार्थिव की टीम 1 ओवर में 1 विकेट पर 7 रन ही बना पाई। मोर्गन की टीम ने एक गेंद शेष रहते ही 8 रन बना लिए। बता दें कि डोनावन फरेरा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं। पिछले साल दिसंबर में मिनी ऑक्शन के दौरान संजू सैमसन की अगुआई वाली फ्रेंचाइजी ने साउथ अफ्रीका के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को 50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था।

हरारे हरिकेंस की खराब बल्लेबाजी

हरारे हरिकेंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रॉबिन उथप्पा को पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर शेल्डन कॉटरेल ने पवेलियन भेज दिया। तब टीम का खाता भी नहीं खुला था। आखिरी गेंद रेजिस चकाबवा भी पवेलियन लौट गए। तीसरे ओवर में एविन लुईस भी 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान मोर्गन 5वें ओवर में आउट हो गए। तब टीम का स्कोर 4 विकेट पर 33 रन था। इसके बाद मोहम्मद नबी 7वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने 4 रन बनाए। तब टीम का स्कोर 5 विकेट पर 57 रन था। इसके बाद समित पटेल 8वें ओवर में आउट हो गए। तब टीम का स्कोर 6 विकेट पर 58 रन था।

डोनावन फरेरा की विस्फोटक बल्लेबाजी

एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बाद भी डोनावन फरेरा टिके रहे। 9वें ओवर में उन्होंने लगातार तीन चौके और एक छक्का जड़ा। मुजीब उर रहमान के ओवर में 21 रन बने। हरारे हरिकेंस का स्कोर 8 ओवर में 6 विकेट पर 64 रन था। 9 ओवर में टीम का स्कोर 6 विकेट पर 85 रन हो गया। पारी की आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार 5 छक्के जड़े। पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना।

करीम जनत थे गेंदबाज

गेंदबाज अफगानिस्तान के करीम जनत थे। टीम का स्कोर 10 ओवर में 6 विकेट पर 115 रन हो गया। हरारे हरिकेंस की ओर से डोनावन फरेरा को छोड़कर केवल ल्यूक जोंग्वे ने दहाई का आंकड़ा पार किया। उन्होंने नाबाद 10 रन बनाए। डोनावन फरेरा ने 33 गेंद पर 87 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 6 चौके लगाए।