सीमित ओवर फॉर्मेट में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल की पत्नी धनश्री वर्मा सोशल मीडिया पर अक्सर अपने डांसिंग वीडियो शेयर करती रहती हैं। अब वह अपने सिंगिंग वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने सिंगिंग वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।

वीडियो में उन्होंने साल 2000 में रिलीज हुई अभिषेक बच्चन और करीन कपूर स्टारर फिल्म रिफ्यूजी का गाना गाया है। गाने के बोल हैं- ‘मेरे हमसफर मेरे हमसफर मेरे पास आ…।’ फिल्म में यह गाना अभिषेक बच्चन और करीन कपूर पर फिल्माया गया था।

गाने को सुर सोनू निगम और अलका यागनिक ने दिए थे। संगीत अनु मलिक का था। धनश्री ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘यह संगीत से ज्यादा है। खाली समय में यह मैं हूं। अपने जीवन में गाएं, एक्सप्रेस करें, प्यार करें और ट्यून करें। मुझे लगता है कि मुझे इसमें भी कुछ बनाना चाहिए।’

धनश्री की इस पोस्ट पर युजवेंद्र चहल ने भी कमेंट किया है। चहल ने लिखा, आखिरकार। इसके बाद उन्होंने रेड हार्ट वाली कई इमोजी भी पोस्ट की हैं। वीडियो देखकर कहा जा सकता है कि धनश्री जितनी बेहतरीन डांसर हैं वैसी सिंगर भी हैं।

धनश्री ने इस साल मार्च में भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। उस वीडियो में धनश्री ने ‘तेरी याद हमसफर’ गाना गाया था। फैंस ने उनके उस वीडियो का काफी पसंद किया था। तब उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा था, ‘संगीत हमेशा मेरे जीवन में एक बहुत ही महत्वपूर्ण कारक रहा है…। मुझे लगता है कि यह खूबी मुझे अपनी मां से मिली है। यह आपके लिए है मां।’ धनश्री का वह वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।

धनश्री कोरियोग्राफर होने के साथ-साथ एक डॉक्टर (डेंटिस्ट) भी हैं। यूट्यूब पर अपने चैनल के जरिए वह अक्सर नए-नए डांस वीडियो बनाती नजर आ जाती हैं। इंस्टाग्राम पर धनश्री को 44 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। धनश्री के YouTube पर 25.8 लाख फॉलोअर्स हैं।

धनश्री और चहल की लव स्टोरी 2020 में लॉकडाउन में सुर्खियों में आई थी। दोनों ने अगस्त में सगाई की और 22 दिसंबर 2020 को शादी के बंधन में बंध गए थे। धनश्री एक मराठी परिवार से आती हैं। उनके पिता बड़े बिजनेसमैन हैं। धनश्री का जन्म 26 सितंबर 1979 को मुंबई में हुआ था।