इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)के 38 वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीसरी ही गेंद पर विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले क्रिकेटर बने। मोहम्मद नबी को उन्होंने चलता किया। चहल दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। खास बात यह है कि चहल ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के लिए ही की थी। उन्होंने उसी टीम के खिलाफ 200 विकेट पूरे किए।
जयपुर में राजस्थान के खिलाफ मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने चौथे ओवर में ही 20 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए मोहम्मद नबी आए। वह अच्छी लय में दिख रहे थे। चहल 8वें ओवर में गेंदबाजी करने आए। उन्होंने तीसरी गेंद पर नबी को पवेलियन भेजा। उन्होंने 17 गेंद पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 23 रन बनाए। चहल के इस ओवर में केवल 6 रन बने और 1 विकेट गिरा।
राजस्थान से 2022 में जुड़े
अपने ऐतिहासिक विकेट का जश्न मनाते हुए चहल दोनों घुटनों के बल जमीन पर बैठ गए और अपनी दोनों अंगुलियों को आकाश की ओर कर दिया। इसके बाद उनके साथी खिलाड़ी उनके पास चश्न माने पहुंचे। आरसीबी के पूर्व स्पिनर 2022 सीजन से पहले मेगा ऑक्शन में राजस्थान से जुड़े थे। उन्होंने 21.38 के औसत के साथ 200 विकेट पूरे किए। इसके लिए 153 मैच खेले हैं। इसमें छह चार विकेट हॉल और एक 5-फर शामिल है। इस मामले में चहल के ठीक पीछे ड्वेन ब्रावो (183), पीयूष चावला (181), भुवनेश्वर कुमार (174) और अमित मिश्रा (173) हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए केवल 1 मैच खेले
चहल को पहली बार 2011 में मुंबई इंडियंस को अपने साथ जोड़ा था, लेकिन उन्होंने 2013 में आईपीएल में पदार्पण किया। वह आईपीएल में मुंबई फ्रेंचाइजी के लिए खेला गया एकमात्र मैच था। इसमें उन्होंने ईडन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ चार ओवरों में कोई विकेट नहीं लिया था। फिर उन्हें 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने साथ जोडा। यहीं से उनका आईपीएल करियर वास्तव में आगे बढ़ा। चहल ने 2014 से 2021 तक आरसीबी के लिए 113 मैच खेले और 22.03 की औसत और 7.58 की प्रभावशाली इकॉनमी रेट से 139 विकेट लिए। वह अभी भी आईपीएल में आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।