मौजूदा समय में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के बीच रिश्ते बहुत सौहार्दपूर्ण हैं। उनके बीच हंसी-मजाक आम बात है। सोशल मीडिया पर भी वे एक दूसरे की टांग खींचने से पीछे नहीं हटते। इसके अलावा, बॉयो बबल की जिंदगी ने खिलाड़ियों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत किया है। ताजा मामला रोहित शर्मा और युजवेंद्र चहल से जुड़ा हुआ है। कहना गलत नहीं होगा कि इस बार बाजी युवजेंद्र चहल ने मार ली।
चहल ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में वह और रोहित शर्मा हैं। पहली तस्वीर में रोहित उन्हें गिफ्ट स्वरूप कोई फूल भेंट कर रहे हैं। दूसरी तस्वीर में चहल फूल हाथ में लिए मुस्कुरा रहे हैं और रोहित खूब जोर से हंस रहे हैं। रोहित को लगा चहल के साथ मजाक करने में उन्होंने बाजी मार ली। हालांकि, चहल उनसे भी एक कदम आगे निकले। चहल ने तस्वीरों के कैप्शन में लिखा, सेनोरिटा। इसके बाद उन्होंने कई तरह की इमोजी भी पोस्ट कीं।
चहल की यह पोस्ट थोड़ी देर में वायरल हो गई। एक घंटे के अंदर ही इस पर 4.5 लाख से ज्यादा लाइक्स और 1800 से ज्यादा कमेंट आ चुके थे। चहल की इस पोस्ट पर रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह ने भी रिएक्शन दिया। उन्होंने गुस्से में भौहें तनी होने वाली इमोजी पोस्ट की। चहल की पत्नी धनश्री वर्मा भी इस पोस्ट पर कमेंट करने से खुद को रोक नहीं पाईं। उन्होंने लिखा, ‘दोनों को इस तरह का पोज देने के लिए कहना नहीं पड़ा। तस्वीर खींचने वाले को धन्यवाद देना चाहती हूं।’
ऐसा पहली बार नहीं है, जब युजवेंद्र चहल और रोहित शर्मा ने एक-दूसरे का मजाक उड़ाया है। वे पहले भी कई बार एक दूसरे का मजाक बना चुके हैं। यही नहीं, चहल रोहित को रोहिता पुकारते हैं। हालांकि, इसके पीछे उनकी दलील है कि रोहिता का भावार्थ बड़े भाई से है। इन दोनों के मजाक के बीच कई बार रोहित की पत्नी रितिका सजदेह भी सुर्खियों में रहती हैं।
इससे पहले रोहित और ऋषभ पंत के बीच मजाक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। दरअसल, रोहित अपना कोविड टेस्ट करा रहे थे। उस दौरान पंत ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। टेस्ट पूरा होने के बाद पंत ने रोहित से पूछा, कैसे हो भैया, तभी रोहित उन्हें अश्लील इशारा करते दिखे। पंत ने वह वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किया था।