भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज (Road Safety World Series T20 2020-21) में उन्होंने लगातार दूसरे मैच में विस्फोटक पारी खेली। इंडिया लीजेंड्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने वेस्टइंडीज लीजेंड्स के खिलाफ 20 गेंद पर नाबाद 49 रनों की पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत इंडिया लीजेंड्स ने इस मुकाबले को 12 रन से जीतकर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

युवराज ने 1 चौका लगाया। उनके बल्ले से 6 छक्के निकले। उन्होंने वेस्टइंडीज के महेंद्र नगामूटू के एक ही ओवर में चार छक्के जड़ डाले। युवराज ने 245 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्हें अर्धशतक लगाने के लिए पारी की आखिरी गेंद पर दो रन बनाने थे, लेकिन वे एक रन ही बना सके। इससे पहले युवराज ने दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स के खिलाफ 22 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए थे। तब उन्होंने 6 छक्के और 2 चौके लगाए। युवराज ने 21 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया था। उन्होंने जेंडर डी ब्रूइन के ओवर में लगातार 4 छक्के लगाए थे।

सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज लीजेंड्स के कप्तान ब्रायन लारा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इंडिया लीजेंड्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 218 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज लीजेंड्स 20 ओवर में 6 विकेट पर 206 रन ही बना पाई। इंडिया लीजेंड्स के लिए युवराज के अलावा सचिन तेंदुलकर ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया। उन्होंने 42 गेंद पर 65 रन बनाए। इस दौरान 6 चौके और 3 छक्के लगाए। यूसुफ पठान ने 20 गेंद पर नाबाद 37 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए।

वीरेंद्र सहवाग ने 17 गेंद पर 35 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। मोहम्मद कैफ ने 21 गेंद पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज लीजेंड्स के खिलाड़ियों ने भी शानदार बल्लेबाजी की। ड्वेन स्मिथ ने 36 गेंद पर 63 रन बनाए। उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। नरसिंह देवनारायण ने 44 गेंद पर 59 रन बनाए। दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा ने 28 गेंद पर 46 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। फाइनल में इंडिया लीजेंड्स का मुकाबला श्रीलंका लीजेंड्स और दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।