कपिल शर्मा शो और क्रिकेटर्स के बीच खासा लगाव है। कई बार इस शो पर पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर गए हैं। सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग, वसीम अकरम, क्रिस गेल, ड्वेन ब्रावो, युवराज सिंह और हार्दिक पंड्या भी इस शो का हिस्सा बन चुके हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर इसी शो का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें युवराज अपनी पत्नी हेजल कीच के साथ दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान शो पर युवराज ने हेजल के साथ अपनी लव स्टोरी को बताया। साथ ही उन्होंने कई राज खोले।
दरअसल, यह वीडियो 2016 का है। तब युवराज अपनी पत्नी के साथ कपिल शर्मा के शो पर गए थे। इस दौरान युवी की शो पर ही शादी हो गई। आश्चर्य की बात थी कि युवराज की शादी उनकी तत्कालीन मंगेतर हेजल कीच (वर्तमान में उनकी पत्नी) से नहीं हुई थी। शो में उन्हें कपिल शर्मा की ऑन स्क्रीन पत्नी सुमोना चक्रवर्ती से शादी करनी पड़ी थी। दोनों ने एक दूसरे को वरमाला भी पहनाई थी। इस एपिसोड के कुछ ही दिनों बाद युवराज की असली में शादी हेजल से हुई थी।
इसकी पूरी प्लानिंग उस समय सुमोना के ऑन स्क्रीन पिता और फेमस एक्टर सुनील ग्रोवर (शो में मशहूर गुलाटी) ने की थी। शो के दौरान जब उन्होंने युवराज को देखा तो एमआरआई स्कैन मशीन के उद्घाटन के लिए बुला लिया। इसके बाद उन्होंने सुमोना को बुलाया। उन्होंने युवराज और सुमोना से एक-दूसरे को वरमाला पहनाने के लिए कहा। शो पर युवराज ने कपिल शर्मा के सामने कई खुलासे किए। उन्होंने हेजल के साथ अपनी लव स्टोरी को भी बताया।
दरअसल, हेजल शुरू में युवराज को इग्नोर करती थीं। दोनों को एक-दूसरे को जाने हुए साढ़े तीन साल हो गए थे, लेकिन कभी मिले नहीं थे। हेजल से रिलेशनशिप के शुरू होने के सवाल पर युवराज सिंह ने कहा, ‘‘वो एक ही लड़की थी ऐसी जो मुझे मिलने से मना कर रही थी। मैं जानना चाह रहा था कि ये लड़की कौन है जो मुझे मना कर रही है। मैं जानना चाह रहा था कि ऐसी क्या बात है कि, मैं इतना खराब बंदा तो हूं नहीं। अंदर से इंसान तो अच्छा हूं ही। हेजल ने साढ़े तीन साल इंतजार करवाया। उसके बाद इंगेजमेंट हुई। फिर एक साल बाद शादी।’’