टी20 वर्ल्ड कप पहली बार 2007 में साउथ अफ्रीका में खेला गया था। इस टूर्नामेंट के हीरो भारत के दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह थे। युवराज ने इंग्लैंड के खिलाफ के एक ओवर में छह छक्के लगाकर सनसनी मचा दी थी। आज भी युवराज के नाम टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड है। युवी ने 12 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया था। युवराज ने एक ही ओवर में 6 छक्के इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को जड़ा था। ब्रॉड उस समय 21 साल के थे।
खास यह है कि उस ओवर से पहले युवराज और इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बीच तीखी बहस हुई थी। माना जाता है कि फ्लिंटॉफ की ‘बदतमीजी’ का खामियाजा ब्रॉड को युवराज सिंह पर 6 छक्के लुटाकर भुगतना पड़ा। युवराज सिंह के छह छक्कों का वीडियो 18 साल बाद भी खूब देखा जाता है। आईसीसी ने 4 साल पहले यूट्यूब पर इसका वीडियो डाला था। 10 करोड़ 70 लाख लोग इसे देख चुके हैं।
18वें ओवर के बाद युवराज-ब्रॉड की लड़ाई
18वें ओवर में जब युवराज बल्लेबाजी के लिए आए तब भारत का स्कोर 3 विकेट पर 171 रन था। 18वें ओवर के बाद फ्लिंटॉफ और युवराज की लड़ाई हुई। 19वां ओवर ब्रॉड लेकर आए। युवराज ने पहली गेंद को डीप मिड-विकेट के ऊपर 111 मीटर का छक्का लगाया। दूसरी गेंद को बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर दर्शकों के बीच भेज दिया। तीसरा छक्का एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से मारा।
यॉर्कर पर लॉन्ग ऑन पर छक्का जड़ा
स्टुअर्ट ब्रॉड ने चौथी गेंद फुलटॉस की। युवराज सिंह ने बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर से छक्का जड़ा। इसके ब्रॉड राउंड द विकेट गेंद करने आए,लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का जड़ा। युवराज जानते थे कि आखिरी गेंद पर यॉर्कर डालने की कोशिश होगी। उन्होंने लॉन्ग ऑन पर छक्का जड़ दिया।