ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम को वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। अब उसे 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलना है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण दौरे पर युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को वनडे में खेलने का मौका नहीं मिला। वह टी20 टीम का भी हिस्सा नहीं हैं, ऐसे में उन्होंने रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में मुंबई के खेलने का फैसला किया है।

यशस्वी जायसवाल ने रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में राजस्थान के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध होने की जानकारी मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को दी। तीसरा राउंड 1 नवंबर से खेला जाएगा। ऐसे में जायसवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले रणजी खेलना का फैसला किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जायसवाल ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 3 पारियों में 219 रन ठोके थे।

दलीप ट्रॉफी में खेले थे यशस्वी जायसवाल

यशस्वी जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में आखिरी बार सितंबर 2025 में खेला था। दलीप ट्रॉफी में सेंट्रल जोन के खिलाफ वेस्ट जोन के लिए 4 और 64 रन की पारी खेली थी। बता दें कि यशस्वी जायसवाल ने घरेलू सत्र से पहले मुंबई को छोड़कर गोवा से खेलने का फैसला किया था। उन्होंने गोवा से खेलने के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट ले लिया था।

पृथ्वी शॉ ने काटा गदर, 141 गेंद पर ठोका दोहरा शतक, वीरेंद्र सहवाग और रवि शास्त्री के क्लब में शामिल

विवाद के बाद पहली मुंबई के लिए खेलेंगे यशस्वी

बाद में यशस्वी ने अपने फैसले से यू-टर्न लिया और मुंबई से खेलते रहने की इच्छा जताई। एमसीए ने नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट एप्लीकेशन वापस लेने की गुजारिश को मंजूरी दे दी। इस प्रकरण के बाद से यशस्वी जायसवाल पहली बार मुंबई के लिए खेलने के लिए उपलब्ध होंगे। यशस्वी जायसवाल ने 26 मैच की 49 पारियों में 51.65 के औसत से 2428 रन बनाए हैं। इसमें 7 शतक और 12 अर्धशतक जड़े हैं। नाबाद 214 उनका सर्वोच्च स्कोर है।