वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) के लिए टीम इंडिया के चयन के बाद से अजिंक्य रहाणे सुर्खियों में हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज पिछले एक साल से टीम से बाहर थे। फिर उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया। इसके बाद अचानक उनकी टीम इंडिया में एंट्री हो गई।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अजिंक्य रहाणे के चयन में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अहम भूमिका रही। आईपीएल 2023 के तुरंत बाद यह महामुकाबला लंदन के ओवल स्टेडियम में होना है। खबर है कि इससे पहले टीम एक वॉर्म अप मैच खेल सकती है। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड के द ओवल में 7 से 11 जून के बीच यह मैच खेला जाएगा।

अजिंक्य रहाणे का घरेलू क्रिकेट के बाद आईपीएल में शानदार प्रदर्शन

अजिंक्य रहाणे ने घरेलू क्रिकेट के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन किया है। इसका फायदा उन्हें मिला और श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के बाद उन्हें डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए इंडियन टेस्ट टीम में चुना गया। उन्होंने चेन्नई के लिए 5 मैच की 5 पारियों में 52.25 के औसत और 199.05 के स्ट्राइक रेट से 209 रन बनाए हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी सीजन 2022/23 में 634 रन बनाए।

महेंद्र सिंह धोनी से अजिंक्य रहाणे को लेकर लिया गया इनपुट

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अजिंक्य रहाणे का चयन से पहले इंडियन टीम मैनेजमेंट और सलेक्शन पैनल ने महेंद्र सिंह धोनी से इनपुट लिया। धोनी यूएई में 2021 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान टीम इंडिया के मेंटर रह चुके हैं। यह भी जानकारी सामने आई है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले टीम इंडिया वॉर्म अप मैच खेल सकती है। आईपीएल 2023 का प्लेऑफ 23 मई से होना है। इसमें हिस्सा न लेने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल मैच के लिए चुने गए खिलाड़ी तैयारी के लिए इंग्लैंड पहले ही रवाना हो सकते हैं।