बीसीसीआई ने बीते कुछ सालों में ऐसे कई फैसले किए हैं जो कि मिसाल बन चुके हैं। चाहे वह महिला खिलाड़ियों के वेतन को लेकर हो या फिर महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत। इस बार अपनी टी20 लीग्स के लिए भी बोर्ड ने ऐसा ही हट कर और बड़ा कदम उठाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पहली बार ऐसा होने वाला है जब आईपीएल और महिला प्रीमियर दोनों का ऑक्शन एक भारतीय के हाथों में होगा।
मल्लिका सागर रच सकती हैं इतिहास
बीसीसीआई ने आईपीएल और डब्ल्यूपीएल की ऑक्शन कराने की जिम्मेदारी मल्लिका सागर को दी है। मल्लिका ने पिछले बार पहले डब्ल्यूपीएल ऑक्शन की भी जिम्मेदारी उठाई थी लेकिन यह पहला मौका है जब वह आईपीएल में भी बोली लगवाएंगी। पहले कभी किसी महिला ने यह नहीं किया है।
रिचर्ड मेडले नहीं होंगे हिस्सा
अब तक आईपीएल का ऑक्शन 2007 से 2018 के बीच रिचर्ड मेडले ने किया था। वह वेल्स के रहने वाले हैं। वहीं 2018 के बाद से यह जिम्मेदारी ह्यूज एडमीड्स ब्रिटेन के रहने वाले हैं। साल 2021 में उनके अचानक बेहोश होने पर चारू शर्मा ने ऑक्शन कराया था लेकिन वह पहली पसंद नहीं थे। अब जाकर बीसीसीआई ने एक भारतीय को यह जिम्मेदारी दी है।
सालों से ऑक्शन करा रही हैं मल्लिका सागर
मल्लिका सागर मुंबई की रहने वाली है। उन्होंने फिलाडेल्फिया में ब्रायन मावर कॉलेज से कला इतिहास में डिग्री हासिल की। इसके बाद साल 2001 में क्रिस्टी में बतौर ऑक्शनियर (ऑक्शन कराने वाले) अपने करियर की शुरुआत की। वह भारतीय मूल की पहली ऑक्शनियर और क्रिस्टीज में उस भूमिका में पहली महिला बनीं। साल 2021 में मल्लिका ने प्रो कबड्डी लीग में भी ऑक्शन कराया था और इसके बाद ही उन्हें महिला प्रीमियर लीग में भी मौका मिला।