वुमेंस प्रीमियर लीग 2024 (WPL 2024) का ऑक्शन शनिवार को मुंबई में होना है। इस लीग की शुरुआत इसी साल हुई थी। दूसरी बार ऑक्शन होगा। 5 टीमें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स इसका हिस्सा हैं। 160 से ज्यादा महिला खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए रजिस्टर किया है। इनमें से 30 को ही खरीदार मिलेगा।
इनमें श्रीलंका की चमारी अटापट्टू, इंग्लैंड की डैनी वायट और साउथ अफ्रीका की शबनम इस्माइल जैसी खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें लगभग हर फ्रेंचाइची अपने साथ जोड़ना चाहेगी। भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो ऑक्शन के दौरान मन्नत कश्यप, सबभिनेनी मेघना,देविका वैद्य और उमा छेत्री पर निगाहें होंगी। आइए जानते हैं किन विदेशी और भारतीय खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने के लिए फ्रेंचाइजी मे होड़ मचेगी।
विदेशी खिलाड़ी
डब्ल्यूपीएल ऑक्शन में विदेशी खिलाड़ियों के लिए 9 स्लॉट हैं। यानी फ्रेंचाइजियों को ज्यादा विदेशी खिलाड़ी नहीं चाहिए, लेकिन ऑक्शन में कुछ ऐसे नाम हैं, जो काफी पैसा कमा सकती हैं। श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू को पिछले ऑक्शन में किसी ने नहीं खरीदा था। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में डब्ल्यूबीबीएल का जलवा दिखाया और शानदार फॉर्म में हैं। डैनी व्याट ने मुंबई में भारत के खिलाफ पहले टी20 में इंग्लैंड के लिए मैच पलटने वाली पारी खेली।
डिएंड्रा डॉटिन पर कौन जताएगा भरोसा?
रिलीज की गईं खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल का नाम काफी चौकाने वाला था। यूपी वारियर्स के पास चार विदेशी गेंदबाज होने के कारण इस्माइल को पहले सीजन में रोटेट किया गया। शायद इस साल उन्हें ऐसी टीम मिलेगी, जो उनका बेहतर उपयोग करेगी। अमांडा जेड-वेलिंगटन और फोएबे लिचफील्ड दो अन्य ऑस्ट्रेलियाई नाम हैं जिन पर नजर रहेगी। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि क्या कोई टीम संन्यास ले चुकीं डिएंड्रा डॉटिन पर दांव खेलेगी, जिन्होंने किम गार्थ के साथ 50 लाख रुपये की बेस प्राइस के साथ ऑक्शन में नाम दिया है।
भारतीय खिलाड़ी
मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ खेलने वाली भारतीय टीम में केवल मन्नत कश्यप डब्ल्यूपीएल में किसी टीम का हिस्सा नहीं हैं। अंडर 19 वर्ल्ड कप में चमकने वाली युवा खिलाड़ी को शनिवार को अच्छी रकम मिलनी चाहिए। बाएं हाथ की स्पिनर ने विश्व कप में बहुत नियंत्रण के साथ गेंदबाजी की और भारत ए सेटअप में उन्हें दिए गए मौकों पर प्रभावित किया। कैप्ड भारतीयों खिलाड़ियों में एस मेघना ओपनर की तलाश कर रही टीम के लिए एक अच्छा विकल्प होंगी।
उमा छेत्री पर होंगी निगाहें
विकेटकीपर बैटर उमा छेत्री को इंग्लैंड ए के खिलाफ उनके प्रभावशाली प्रदर्शन का फायदा ऑक्शन में मिल सकता है। पिछली बार देविका वैद्य का प्रदर्शन अच्छा नहीं था, लेकिन वह एक ऑलराउंडर के रूप में अधिकांश टीमों के लिए उपयोगी साबित होंगी। इसके अलावा कुछ अनकैप्ड भारतीयों पर नजर रहेगी, जिनमें मुंबई की लेग स्पिनर प्रकाशिका नाइक और कर्नाटक की वृंदा दिनेश शामिल हैं।
