वुमन्स प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2024 के 10वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 25 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स डब्ल्यूपीएल 2024 की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई। दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक 4 मैच खेले हैं। इसमें से उसने 3 में जीत हासिल की है। उसके 6 अंक हैं।
मुंबई से बेहतर है दिल्ली का नेट रनरेट
मुंबई इंडियंस (+0.402) के भी 4 मैच में 6 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट दिल्ली कैपिटल्स (+1.251) का बेहतर है, इसलिए वह शीर्ष पर पहुंच गई। वहीं, गुजरात जायंट्स ने टूर्नामेंट में अपना लगातार चौथा मैच गंवाया। उसने अब तक 4 मैच खेले हैं और एक में भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। वह डब्ल्यूपीएल 2024 पॉइंट्स टेबल में सबसे निचली पायदान पर है।
दिल्ली ने 20 ओवर में बनाए 163 रन
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच मैच की बात करें तो बेथ मूनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेग लैनिंग की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 163 रन बनाए।
मेग लैनिंग ने खेली तूफानी पारी
कप्तान मेग लैनिंग ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 41 गेंद में 55 रन की पारी खेली। हालांकि, ओपनर शैफाली वर्मा 9 गेंद में 13 रन ही बनाकर पवेलियन लौट गईं। जेमिमा रोड्रिग्ज भी 7 रन ही बना पाईं। एलिस कैप्सी, एनाबेल सदरलैंड, शिखा पांडे और जेस जोनासेन ही थोड़ी देर क्रीज पर टिक पाईं।
मेघना सिंह ने 37 रन दे झटके 4 विकेट
एलिस कैप्सी ने 17 गेंद में 27, सदरलैंड ने 12 गेंद में 20, शिखा पांडे ने 8 गेंद में नाबाद 14 और जोनासेन ने 7 गेंद में 11 रन का योगदान दिया। गुजरात जायंट्स की ओर से मेघना सिंह सबसे ज्यादा सफल रहीं। उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 4 विकेट झटके।
एश्ले गार्डनर 4 ओवर में इतने ही रन देकर 2 विकेट लिए। तनुजा कंवर और मन्नत कश्यप भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन ही बना पाई। गुजरात जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
गुजरात की शुरुआत बहुत खराब रही
गुजरात जायंट्स को दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर ही झटका लगा। तब तक उसका खाता भी नहीं खुला था। कप्तान बेथ मूनी भी 5वें ओवर की दूसरी गेंद पर पवेलियन लौट गईं। उन्हें जोनासेन ने एलबीडब्ल्यू किया. इसी ओवर की 5वीं गेंद पर फोबे लिचफील्ड भी सदरलैंड को कैच थमा बैठीं।
वेदा कृष्णमूर्ति भी 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गईं। उन्हें राधा यादव की गेंद पर शिखा पांडे ने लपका। वेदा ने 13 गेंद में 12 रन बनाए। गुजरात जायंट्स ने 73 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। उस समय 10.3 ओवर का खेल हुआ था।
एश्ले गार्डनर ने लगाया दम, लेकिन नहीं हुईं सफल
इसके बाद एश्ले गार्डनर और तनुजा कंवर ने छठे विकेट के लिए 3.5 ओवर में 32 रन की साझेदारी की। एश्ले गार्डनर ने 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 31 गेंद में 40 रन बनाए। एश्ले गार्डनर के पवेलियन लौटते ही तनुजा भी धैर्य खो बैठीं और 17वें ओवर में राधा यादव की पहली गेंद पर शैफाली वर्मा के हाथों लपकी गईं।
उस समय टीम का स्कोर 113 रन था। इसके 10 रन बाद ही तरन्नुम पठान भी अरुंधति रेड्डी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गईं। उन्होंने 11 गेंद में 9 रन बनाए। तरन्नुम जब पवेलियन लौटीं तब गुजरात जायंट्स को 2.1 ओवर में 41 रन बनाने थे, जो लगभग असंभव सा था और हुआ भी ऐसा ही।
जेस जोनासेन ने गेंद से भी किया कमाल
मेघना सिंह और सयाली सतघड़े क्रमशः 10 और 7 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटीं, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाईं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से जेस जोनासेन ने 4 ओवर में 22 और राधा यादव ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3-3 विकेट लिए। शिखा पांडे ने 4 ओवर में रन देकर विकेट लिए। अरुंधति रेड्डी काफी महंगी साबित हुईं। उन्होंने एक विकेट तो लिया, लेकिन 3 ओवर में 27 रन दे डाले।