वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत काफी धमाकेदार हुई। पहले ही मैच में हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस (MIW) ने इतिहास रचा। टीम ने गुजरात जायंट्स (GGT) को 143 रन से हराया और महिला टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी यह रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस (MI) के ही नाम है। गुजरात जायंट्स (GGT) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान हरमनप्रीत कौर की 30 गेंद पर 65 रन की पारी के बदौलत मुंबई इंडियंस (MIW) ने 5 विकेट पर 207 रन का स्कोर खड़ा किया।
गुजरात जायंट्स (GGT) की टीम 208 रन की लक्ष्य के जवाब में 15.1 ओवर में 64 रन पर ही सिमट गई। टीम की केवल दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाईं। दयालन हेमलता ने सबसे ज्यादा नाबाद 29 रन बनाए। वहीं नंबर 11 पर बल्लेबाजी करने उतरीं मोनिका पटेल ने 10 रन बनाए। इसके साथ ही मुंबई की टीम ने 143 रन की धमाकेदार जीत दर्ज की और इतिहास रच दिया।
आईपीएल में मुंबई इंडियंस के नाम सबसे बड़ी जीत
मुंबई इंडियंस (MIW) ने महिला टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की घरेलू टीम वेलिंगटन के नाम था। उसने साल 2021 में ओटागो के खिलाफ 122 रन से जीत दर्ज की थी। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम के नाम है।
आईपीएल में इन टीमों ने दर्ज की 140 + रन से जीत
साल 2017 में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली डेयरडेविल्स अब दिल्ली कैपिटल्स को 146 रन से हराया था। दूसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के नाम है। उसने गुजरात लायंस को साल 2016 में 144 रन से हराया था। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स ने साल 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 140 रन से हराया था। यह आईपीएल का पहला मैच था।