वुमेंस प्रीमियर लीग 2023 (WPL 2023) में रविवार को गुजरात जायंट्स (GGT) और यूपी वॉरियर्स (UPW) के बीच मैच में किरण नवगिरे ने अपने बल्ले से सभी का ध्यान खिंचा। उनके कोई स्पॉन्सर नहीं मिला तो वह अपने बल्ले पर MSD 07 लिखकर बल्लेबाजी करने उतरीं। वह गुजरात के खिलाफ मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरीं और 43 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। नगालैंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाली इस महिला क्रिकेटर के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज है। वह टी20 मैच में 150+ रन बनाने वालीं पहली भारतीय क्रिकेटर (महिला या पुरुष) हैं।

2011 वर्ल्ड कप के बाद से करती हैं महेंद्र सिंह धोनी को फॉलो

महाराष्ट्र के सोलापुर की रहने वाली किरण नवगिरे ने क्रिकेट से पहले एथिलेटिक्स में खूब सफल रही थीं। उन्होंने यूनिवर्सिटी के दिनों में अलग-अलग स्पार्धाओं में 100 से ज्यादा मेडल जीते। साल 2011-12 में जैवलीन में उन्होंने गोल्ड जीता था। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उनके प्रेरणा है। उन्होंने माही को साल 2011 में टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने के बाद फॉलो करना शुरू किया।

पावर हिटिंग देखकर हैरान रह गए थे कोच

किरण नवगिरे के कोच गुलजार शेख ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि वह एक यूनिवर्सिटी मैच में उनकी पावर हिटिंग देखकर हैरान रह गए थे। किसान परिवार से आने वालीं किरण ने उनसे कहा था कि क्रिकेट काफी महंगा खेल है और वह केवल फन के लिए खेलती हैं और एथलेटिक्स में कुछ करना चाहती हैं। वह क्रिकेट खेलने के लिए तब तैयार हुई जब उनके कोच ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इसके लिए उन्हें एक पैसा नहीं देना होगा।

किरण नवगिरे की पावर हिटिंग का राज

गुलजार शेख ने बताया था कि किरण नवगिरे नेचुरल पावर-हिटर हैं। किरण ने अपने कोच बताया था कि उन्हें यह ताकत बचपन से परिवार को खेत में मदद करने और शॉटपुट और जैवलिन थ्रो जैसे खेल खेलने से मिली। डब्ल्यूपीएल से पहले जियो सिनेमा पर किरण नवगिरे ने कहा था, ” भारत 2011 का मेंस क्रिकेट विश्व कप जीता था। टीम में एक बड़ा नाम था: महेंद्र सिंह धोनी। मैंने 2011 में उन्हें फॉलो करना शुरू किया था और मुझे यह भी नहीं पता था कि महिला क्रिकेट नाम की भी कोई चीज होती है। मैं पुरुषों का क्रिकेट देखती और अपने गांव में लड़कों के साथ खेलती। इस तरह क्रिकेट पसंद करने लगी।”