दुनिया में सबसे कम समय में मैराथन जीतकर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले केन्याई धावक केल्विन किप्टम की रविवार 11 फरवरी 2024 को केन्या में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। केल्विन किप्टम सिर्फ 24 साल के थे। दुर्घटना में उनके कोच भी नहीं रहे। केल्विन किप्टम ने पिछले साल अक्टूबर में शिकागो में विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
केल्विन के बारे में पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयानुसार रात 11 बजे केन्या के दक्षिण-पश्चिम स्थित कप्टागाट में गाड़ी चलाते समय उन्होंने अपने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। दुर्घटना में उनके कोच गेरवाइस हाकिजिमाना की भी मौत हो गई। कार में सवार तीसरे व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकागो मैराथन में बनाया था विश्व रिकॉर्ड
केल्विन किप्टम ने पिछले साल शिकागो मैराथन में दुनिया को चौंका दिया था। उन्होंने शिकागो मैराथन को 2 घंटे और 35 सेकंड में पूरा किया। विश्व एथलेटिक्स ने पिछले सप्ताह ही उनके ऐतिहासिक समय की पुष्टि की थी। यह पहली बार था जब किसी एथलीट ने मैराथन में 2 घंटे और 1 मिनट से कम का समय निकाला था।
शिकागो मैराथन में केल्विन किप्टम के प्रदर्शन ने उनके साथी केन्या के एलियुड किपचोगे के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। एलियुड किपचोगे ने 2022 बर्लिन मैराथन को 2:01:09 में समाप्त किया था।
केन्या ने एक विशेष रत्न खो दिया: अबाबू नामवाम्बा
विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन कोए ने एक बयान में कहा, ‘केल्विन किप्टम और उनके कोच गेरवाइस हाकिजिमाना की असयम मौत के बारे में जानकर हम स्तब्ध और बहुत दुखी हैं।’ अपनी भावनाओं को जाहिर करते हुए केन्या के खेल मंत्री अबाबू नामवाम्बा ने एक्स पर लिखा, ‘सदमा पहुंचाने वाला! केन्या ने एक विशेष रत्न खो दिया है। निःशब्द हूं।’
केन्या के प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘सदमा पहुंचाने वाला समाचार, क्योंकि हमने एक उल्लेखनीय व्यक्ति को खो दिया। विश्व रिकॉर्ड धारी और केन्याई एथलेटिक्स आइकन केल्विन किप्टम की मृत्यु पर हम शोक व्यक्त करते हैं। अपने कोच के साथ आज रात एक दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। हमारा राष्ट्र एक सच्चे नायक की गहरी क्षति पर शोकाकुल है।’
