वर्ल्ड कप 2023 धीरे-धीरे अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। सेमीफाइनल की रेस रोमांचक होती जा रही है। भारत, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें रेस में आगे चल रही हैं। भारत और साउथ अफ्रीका की टीम की दावेदारी काफी मजबूत दिख रही है। वहीं न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी भी परेशानी में पड़ सकती हैं। इस बीच न्यूजीलैंड की टीम ने बुधवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में कुछ ऐसा किया, जो उसकी दिक्कत बढ़ा सकती है।

वर्ल्ड कप 2023 में किस टीम की क्या ताकत और मजबूती है यह किसी से छिपा नहीं है। साउथ अफ्रीका की टीम को चेज में दिक्कत हो रही है। नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के खिलाफ मैच में यह दिखा। कप्तान टेम्बा बावुमा खुद इस बात को स्वीकार चुके हैं। इस बीच न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का न्योता दे दिया।

वर्ल्ड कप 2023 में साउथ अफ्रीका का पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रदर्शन

साउथ अफ्रीका की टीम ने इस तोहफे को दोनों हाथ से स्वीकारा और 357 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। अफ्रीका की टीम ने इस वर्ल्ड कप में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ 428, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 311, इंग्लैंड के खिलाफ 399 और बांग्लादेश के खिलाफ 382 रन का स्कोर खड़ा किया है। प्रोटियाज टीम ने ये चारों मैच 100 से ज्यादा रन से जीत दर्ज की है।

चेज करते हुए साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड

अब चेज करते हुए साउथ अफ्रीका के रिकॉर्ड की बात करें तो नीदरलैंड्स ने धर्मशाला में 38 रन से हरा दिया था। टीम 43 ओवर में 246 का टारगेट चेज करते हुए 207 रन पर सिमट गई थी। पाकिस्तान के खिलाफ भी 271 का टारगेट चेज करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने 9 विकेट गंवा दिए थे। इस रिकॉर्ड के बाद भी कोई टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला कैसे कर सकती है? लैथम के फैसले पर सवाल उठना तय है।

न्यूजीलैंड की हार से अफगानिस्तान को होगा फायदा

न्यूजीलैंड की टीम यह मैच हारी तो 7 मैच में उसके 8 अंक होंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ मैच उसे जीतना जरूरी हो जाएगा। न्यूजीलैंड की हार से अफगानिस्तान को फायदा हो सकता है। कीवी टीम के अलावा ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान ही 12 अंक तक पहुंच सकते हैं। पाकिस्तान,श्रीलंका और नीदरलैड्स रेस में बने रहेंगे।