साउथ अफ्रीका के स्टार क्रिकेटर क्विंटन डिकॉक वर्ल्ड कप 2023 के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर चुके हैं। इससे पहले वह वर्ल्ड कप को खास बनाने में लगे हुए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे में शतक जड़ा। वर्ल्ड कप 2023 में यह उनका चौथा शतक था। डिकॉक जिस तरह की फॉर्म में हैं टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड खतरे में है।
साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचने की दावेदारी में है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के बाद साउथ अफ्रीका को दो मैच और खेलने हैं। अगर प्रोटियाज टीम सेमीफाइनल में पहुंची तो रोहित शर्मा का एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड टूट सकता है। रोहित शर्मा ने 2019 वर्ल्ड कप में 5 शतक जड़े थे। डिकॉक 2 शतक जड़कर इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेट कुमार संगकारा की बराबरी कर ली। संगकारा ने 2015 वर्ल्ड में 4 शतक जड़े थे।
न्यूजीलैंड-साउथ अफ्रीका के बीच मैच से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए क्लिक करें
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ेंगे?
सचिन तेंदुलकर के नाम एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2003 वर्ल्ड कप में 11 मैच में 61.18 की औसत से 673 रन बनाए थे। डिकॉक 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। वह सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। 3 मैच में इस रिकॉर्ड तक पहुंचना कोई बड़ी बात नहीं खासतौर पर जिस तरह की फॉर्म में डिकॉक चल रहे हैं।
जैक्स कैलिस का रिकॉर्ड तोड़ा
डिकॉक ने 36वें ओवर में जिमी नीशम की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर शतक पूरा किया। टिम साउदी ने उन्हें 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन भेजा। उन्होंने 116 गेंद पर 114 रन बनाए। वर्ल्ड कप 2023 में वह 7 मैच की 7 पारियों में 77.86 की औसत और 112.60 के स्ट्राइक रेट से 545 रन बना लिए हैं। डिकॉक इस पारी के दौरान एक वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड जैक्स कैलिस के नाम था। उन्होंने 2007 वर्ल्ड कप में 9 पारी में 485 रन बनाए थे।
हर्शल गिब्स की बराबरी की
डिकॉक ने श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का 21 वां शतक था। वह साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में हर्षल गिब्स की बराबरी कर ली। गिब्स के भी 21 शतक हैं। डिकॉक से आगे एबी डिविलियर्स 25 शतक और हाशिम अमला 27 शतक हैं।