वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत काफी दमदार रही है। टूर्नामेंट में महज 8 ही मुकाबले खेले गए हैं लेकिन इन 8 मैचों में ही कई बड़े रिकॉर्ड टूट चुके हैं। साउथ अफ्रीका ने रनों का अंबार लगाया तो पाकिस्तान ने सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर डाला। एडन मार्करम के बल्ले से रिकॉर्ड तोड़ शतक निकला। फैंस के लिए यह वर्ल्ड कप मनोरंजन से भरपूर रहा है।

साउथ अफ्रीका ने खड़ा किया सबसे बड़ा स्कोर

श्रीलंका के खिलाफ टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पांच विकेट के नुकसान पर रिकॉर्ड 428 रन बनाए। यह टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के नाम था जिन्होंने साल 2015 में पर्थ के मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ 417 रन बनाए थे।

एडन मार्करम का रिकॉर्ड शतक

श्रीलंका के खिलाफ इसी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के मिडिल ऑर्डर बल्‍लेबाज एडन मार्करम ने टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज शतक भी लगाया। मार्करम ने केवल 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड आयरलैंड के केविन ओ’ब्रायन के नाम था जिन्होंने साल 2011 में 50 गेंदों शतक लगाया था। मार्करम ने 14 चौके और तीन छक्कों की मदद से इस पारी में 106 रन बनाए थे।

साउथ अफ्रीका-श्रीलंका के बीच खेले गए मुकाबले में बने रिकॉर्ड रन

साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेले गए मैच में कुल मिलाकर 754 रन बने जो कि अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 428 रन बनाए वहीं श्रीलंका 326 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इससे पहले यह रिकॉर्ड साल 2019 के वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच खेले गए मैच में कायम हुआ था। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 381 और बांग्लादेश ने 333 बनाए थे।

पाकिस्तान ने भारत को छोड़ा पीछे

पाकिस्तान ने भी श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा चेज किया। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 344 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने यह लक्ष्य 10 गेंदे रहते ही हासिल कर लिया। इसके साथ ही पाकिस्तान ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। पाकिस्तान की श्रीलंका के खिलाफ यह वर्ल्ड कप में आठवीं जीत थी। वह अब तक वर्ल्ड कप में श्रीलंका से नहीं हारा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के नाम था। भारत वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ कभी कोई मैच नहीं हारा। भारत ने पाकिस्तान को सात मुकाबलों में हराया है।