वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है। वह अब तक कोई मैच नहीं हारी है। मेजबान टीम के अलावा साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचने के करीब हैं। 1983 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य मदन लाल का मानना है कि 19 नवंबर को अहमदाबाद में भारत ट्रॉफी उठाने का प्रबल दावेदार है। पूर्व खिलाड़ी का मानना है कि भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया नहीं न्यूजीलैंड की टीम से सतर्क रहने की जरूरत है।
1983 में कपिल देव की कप्तानी में और फिर 2011 में महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में पहला विश्व कप जीतने वाला भारत इस समय 6 में से 6 मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। भारत ने अब तक ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को हराया है। टीम लीग चरण में तीन और मैच श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलने हैं। ऐसे में मदन लाल ने भारत को कीवी टीम से सतर्क रहने की चेतावनी दी है। साथ ही कहा है कि उन्हें नहीं लगता भारत, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के अलावा कोई और टीम सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी।
मदन लाल ने क्या कहा?
मदन लाल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, ” मुझे कोई भी टीम इन चारों भारत, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के करीब पहुंचती नहीं दिख रही। भारत को ऑस्ट्रेलिया से नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड से सावधान रहना चाहिए। न्यूजीलैंड एक अलग ही खेल दिखारहा है। टीम काफी ताकतवर है। उनके पास इस समय भारत जैसा एक ठोस संयोजन है। उनके लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण सभी व्यवस्थित हैं।”
ऑस्ट्रेलिया में वापसी करने का दमखम
मदन लाल ने आगे कहा, “न्यूजीलैंड हमेशा टफ और हार्ड क्रिकेट खेलता है। दक्षिण अफ्रीका एक ऐसी टीम है, जिसे मैंने हमेशा घबराते हुए देखा है। मुझे उम्मीद है कि वे इस बार ऐसा नहीं करेंगे। वे अद्भुत क्रिकेट खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया किसी भी समय, किसी भी दिन, किसी भी क्षण वापसी कर सकता है।”