वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर छठी बार वर्ल्ड चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। 241 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस टारगेट को 43 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। ट्रैविस हेड इस शानदार जीत के हीरो रहे। उन्होंने 120 गेंद में 137 रन की पारी खेली। हेड ने साल 2023 में दूसरी बार टीम इंडिया के दिल को तोड़ दिया। पांच महीने पहले भी हेड ऐसा ही एक जख्म भारत को दे चुके हैं।

ट्रैविस हेड ने जून 2023 में दिया था पहला जख्म

दरअसल, इसी साल जून (7 से 11) में खेले गए WTC Final (विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल) में भी ट्रैविस हेड ने भारत के खिलाफ कुछ इसी तरह की पारी खेली थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन से हरा दिया था। ट्रैविस हेड ने उस मैच की पहली पारी में 163 रन बनाए थे। हेड की उस पारी की बदौलत ही ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बना दिए थे। हेड के अलावा स्टीव स्मिथ ने भी 121 रन की पारी खेली थी।

2023 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गंवाई दूसरी ICC ट्रॉफी

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इसी साल के अंदर यह दूसरी आईसीसी ट्रॉफी गंवाई है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) में टीम इंडिया दूसरी बार पहुंची थी। पहले फाइनल में न्यूजीलैंड, जबकि दूसरे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था। विश्व कप 2023 का फाइनल हारने के साथ ही भारतीय टीम का 2013 से चला आ रहा आईसीसी ट्रॉफी जीतने का ख्वाब फिर कम से कम 4 साल तक खिंच गया। अब भारत के पास अगला मौका जून 2024 में टी20 वर्ल्ड कप में आएगा।

2013 से भारत नहीं जीत पाया आईसीसी ट्रॉफी

टीम इंडिया ने आखिरी आईसीसी ट्रॉफी 2013 में एमएस धोनी की कप्तानी में जीती थी। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। उसके बाद से भारत इस वर्ल्ड कप को मिलाकर 9 आईसीसी टूर्नामेंट खेल चुका है, जिसमें से एक भी बार उसे जीत नहीं मिली। इसमें 2014, 2016, 2021 और 2022 का टी20 वर्ल्ड कप शामिल है। 2015, 2019 और अब 2023 का वनडे वर्ल्ड कप भी शामिल हो गया। इसके अलावा दो WTC फाइनल भी भारत ने गंवाए हैं।