भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने कई बार यह बात कही है कि वह भाग्यशाली हैं कि उनकी टीम में एम एस धोनी हैं। विराट कोहली के इस बयान को लेकर धोनी के बचपन के कोच का भी कुछ ऐसा ही मानना है। धोनी के बचपन के कोच केशव बनर्जी का कहना है कि युवाओं से सजी टीम के लिए धोनी परफेक्ट मेंटर हैं।

एमएस धोनी क्रिकेट एकेडमी क्लीनिक के उद्घाटन के मौके पर धोनी के कोच ने बातचीत के दौरान कहा कि धोनी की चालाकी की शैली का कोई सानी नहीं है। वह जिस तरह से रणनीति बनाते हैं और जिस तरह से फील्डिंग में बदलाव करते हैं वो कोहली के लिए परफेक्ट गाइड हैं। मैच को पढ़ने और उसके हिसाब से रणनीति बनाने के मामले में धोनी का जवाब नहीं हैं।ऐसा विराट कोहली भी नहीं कर पाते हैं।अगर धोनी टीम इंडिया से नहीं खेल रहे होते तो कोई ऐसा नहीं होता जो विराट कोहली को गाइड करता। विराट कोहली को फिलहाल बतौर कप्तान वक्त की जरूरत है।

धोनी करें नंबर 4 पर बैटिंग: केशव ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजी क्रम में धोनी के स्थान को लेकर भी काफी चर्चा रही है। मेरा मानना है कि धोनी को नंबर चार पर खेलने के लिए उतारा जाना चाहिए। अब वह फिनिशर का रोल इंज्याय नहीं कर रहे हैं। उन्हें नंबर चार पर आना चाहिए। जब वह नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हैं तो उन्हें समय मिलता है उन्हें समय की जरूरत भी होती है। 5-6 नंबर पर बल्लेबाजी के दौरान उन्हें समय नहीं मिलता है। वह बड़े हिट्स लगाने के चलते आउट हो जाते हैं। मेरा निजी मानना है कि धोनी को नंबर चार पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। उनके नंबर चार पर खेलने के बाद कोई भी आसानी से धोनी के बाद खुलकर खेल सकता है।

जानकारों का मानना है कि रिषभ पंत को टीम इंडिया में जगह मिलनी चाहिए लेकिन केशव का मानना औरों से अलग है। केशव का कहना है कि टीम इंडिया अभी उन्हें जगह देने की बात कहना थोड़ी जल्दबाजी होगी। भारत के पास अच्छी खासी बेंच स्ट्रेंथ है। विश्व कप के बाद रिषभ पंत को जगह दी जानी चाहिए।

धोनी के संन्यास पर क्या बोले: केशव से सवाल किया गया कि क्या धोनी विश्व कप के बाद संन्यास ले लेंगे इस पर वह हंसते हुए कहते हैं कि क्या आपको लगता है कि धोनी संन्यास लेंगे? आपने देखा है कि वह कितने फिट हैं? धोनी कब संन्यास लेंगे यह उनके पिता और उनकी पत्नी भी नहीं जानती हैं।