Olympic Champion Javelin Thrower Neeraj Chopra: ओलंपिक चैंपियन भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पहले ही प्रयास में 88.39 मीटर का थ्रो फेंककर पहली बार विश्व चैंपियनशिप फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। वहीं, जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव ने भी फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए नया इतिहास रच दिया। वहीं, एल्डोस पॉल विश्व चैंपियनशिप त्रिकूद फाइनल में जगह बनाने वाले भारत के पहले एथलीट बन गए। उन्होंने 16.68 मीटर की कूद लगाई। वह ग्रुप ए क्वालीफिकेशन में छठे स्थान पर और कुल 12वें स्थान पर रहे। फाइनल रविवार को सुबह 6:50 से होगा।

विश्व चैंपियनशिप में पदक के प्रबल दावेदार नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने ग्रुप ए क्वालिफिकेशन में शुरुआत की और 88.39 मीटर का थ्रो फेंका। यह उनके करियर का तीसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। वह गत चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स के बाद दूसरे स्थान पर रहे। पीटर्स ने ग्रुप बी में 89.91 मीटर का थ्रो लगाया। नीरज चोपड़ा का क्वालिफिकेशन राउंड कुछ मिनट ही चला, क्योंकि स्वत: क्वालिफिकेशन मार्क पहले ही प्रयास में हासिल करने से उन्हें बाकी दो थ्रो फेंकने नहीं पड़े। हर प्रतियोगी को तीन मौके मिलते हैं।’

रोहित यादव ने फेंका 80.42 मीटर का थ्रो

रोहित यादव (Rohit Yadav) ने ग्रुप बी में 80.42 मीटर का थ्रो फेंका। वह ग्रुप बी में छठे स्थान पर और कुल 11वें स्थान पर रहे। उनका दूसरा थ्रो फाउल रहा और आखिरी प्रयास में 77.32 मीटर का थ्रो ही कर पाए। उनका सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 82.54 मीटर है। यह उन्होंने पिछले महीने राष्ट्रीय अंतर प्रांतीय चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के साथ हासिल किया था।

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के नीरज चोपड़ा और रोहित यादव ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता के फाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। (सोर्स- ट्विटर/@diveshbhal)

विश्व चैंपियनशिप में जैवलिन थ्रो में पदक के लिए मुकाबला रविवार 24 जुलाई 2022 को सुबह 7:05 बजे शुरू होगा। दोनों क्वालिफिकेशन ग्रुप से 83.50 मीटर की बाधा पार करने वाले या शीर्ष 12 खिलाड़ी फाइनल में पहुंचे हैं।

नीरज चोपड़ा का सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 89.94 मीटर है। उन्होंने लंदन विश्व चैंपियनशिप 2017 में हिस्ला लिया था, लेकिन तब फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए थे। दोहा में 2019 विश्व चैंपियनशिप में वह कोहनी के आपरेशन के कारण नहीं खेल पाए थे।

नीरज चोपड़ा ने इस सीजन में दो बार पीटर्स को हराया है, जबकि पीटर्स डायमंड लीग में विजयी रहे थे। पीटर्स 3 बार 90 मीटर से अधिक का थ्रो फेंक चुके हैं। नीरज चोपड़ा ने कहा, ‘यह अच्छी शुरुआत थी। मैं फाइनल में अपना सौ प्रतिशत दूंगा।’

उन्होंने आगे कहा, ‘हर दिन अलग होता है। हमें नहीं पता कि किस दिन कौन कैसा थ्रो फेंकेगा। मेरे रनअप में थो़ड़ी दिक्कत थी लेकिन थ्रो अच्छा रहा। बहुत सारे खिलाड़ी अच्छे फॉर्म में हैं।’

नीचे आप भी नीरज चोपड़ा के उस ऐतिहासिक थ्रो का VIDEO देख सकते हैं।

वीजा दिक्कतों के कारण कुछ दिन पहले ही यूजीन पहुंचे थे एल्डोस पॉल

उधर, वीजा दिक्कतों के कारण कुछ रोज पहले ही यूजीन पहुंचे एल्डोस पॉल का सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 16.99 मीटर का है, जो उन्होंने अप्रैल में फेडरेशन कप में किया था। भारत के प्रवीण चित्रावल और अब्दुल्ला अबुबाकर फाइनल में जगह नहीं बना सके। उनका प्रयास क्रमश: 16.49 मीटर और 16.45 मीटर का था।

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के एल्डोस पॉल पुरुषों की ट्रिपल जंप के लिए क्वालिफिकेशन के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए। (एपी)

प्रवीण चित्रावल ग्रुप ए में 8वें स्थान पर और कुल 17वें स्थान पर रहे, जबकि अबुबाकर ग्रुप बी में 10वें और कुल 19वें स्थान पर रहे। 17.05 मीटर पार करने वाले या शीर्ष 12 एथलीट्स को ही फाइनल में जगह मिली है।