Olympic Gold Medalist Neeraj Chopra National Record: टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने स्टॉकहोम में डायमंड लीग में इतिहास रचा। उन्होंने 89.94 मीटर के शुरुआती थ्रो के साथ एक महीने में दूसरी बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। नीरज चोपड़ा ने 14 जून 2022 को पावो नूरमी खेलों में अपने पहले सीजन में 89.30 मीटर के साथ अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा था। हालांकि, 24 साल का यह जैवलिन थ्रोअर स्टॉकहोम में सिर्फ 6 सेंटीमीटर से 90 मीटर का मार्क हासिल करने से चूक गया।
नीरज चोपड़ा भले ही 90 मीटर थ्रो करने से चूक गए हों, लेकिन राष्ट्रीय रिकॉर्ड के अलावा वह स्टॉकहोम के नतीजे से प्रसन्न होंगे, क्योंकि यह पहली बार है, जब वह इस प्रतिष्ठित डायमंड लीग (Diamond League) प्रतियोगिता में शीर्ष-3 में रहने पर सफल रहे।
ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स के बाद दूसरे स्थान पर रहे। नीरज चोपड़ा का 89.94 मीटर भी एक मीट रिकॉर्ड है। नीरज चोपड़ा के एक महीने में दूसरी बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। इसमें खिलाड़ी से लेकर राजनेता तक शामिल हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने लिखा, ‘हम ही बनाएंगे, हम ही तोड़ेंगे…। स्टॉकहोम में 89.94 मीटर के एक नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड थ्रो के साथ डायमंड लीग सर्किट में चैंपियन ने क्या वापसी की है।’ सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने लिखा, ‘यह आदमी अजेय है। उसकी अपने साथ ही प्रतिस्पर्धा है!’
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने ट्वीट में लिखा, ‘नया दिन, नया रिकॉर्ड! नीरज चोपड़ा ने स्टॉकहोम डायमंड लीग में फिर 89.94 मीटर के थ्रो के साथ अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर बनाया। हार्दिक बधाई।’
केंद्रीय खेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने लिखा, ‘ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने 2022 स्टॉकहोम डायमंड लीग में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ हासिल किया। उन्होंने प्रतियोगिता में 89.94 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। रिकॉर्ड तोड़ थ्रो पर एक नजर!’ इसके बाद अनुराग ठाकुर ने नीरज चोपड़ा के 89.94 मीटर दूर भाला फेंकने वाला वीडियो भी शेयर किया। नीचे आप भी उस वीडियो को देख सकते हैं।
ऐसे ही और भी बहुत से लोगों ने नीरज चोपड़ा को उनकी ताजा उपलब्धि पर बधाइयां दी हैं। बता दें कि नीरज चोपड़ा चार साल बाद डायमंड लीग में उतरे। इससे पहले उन्होंने 2018 में ज्यूरिख डायमंड लीग में हिस्सा लिया था। तब 85.73 मीटर दूर भाला फेंककर चौथा स्थान हासिल किया था। हालांकि, तब भी उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
विश्व चैंपियनशिप में 22 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स दल की अगुआई करेंगे नीरज चोपड़ा
ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा अमेरिका के यूजीन में 15 से 24 जुलाई तक होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भारत के 22 सदस्यीय दल की अगुआई करेंगे। भारतीय टीम में 17 पुरुष और 5 महिला खिलाड़ी हैं। पैदल चाल खिलाड़ी भावना जाट और चक्का फेंक खिलाड़ी सीमा पूनिया ने इससे नाम वापस ले लिया है। दोनों राष्ट्रमंडल खेलों पर फोकस करना चाहती हैं।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के प्रमुख आदिले सुमरिवाला ने कहा, ‘सीमा का फोकस राष्ट्रमंडल खेल है जिसमें उसने चार पदक जीते थे। उसका मानना है कि वहां उसकी उम्मीदें ज्यादा है और हमारा भी यही मानना है।’ नीरज चोपड़ा के अलावा भालाफेंक में रोहित यादव भी टीम में हैं। भारतीय टीम 3 टुकड़ों में जाएगी। पहला समूह शनिवार को, दूसरा सोमवार को तथा तीसरा 5 जुलाई को रवाना होगा।
भारतीय टीम (पुरुष)
- अविनाश साबले (3000 मीटर स्टीपलचेस)
- एमपी जबीर (400 मीटर बाधा दौड़)
- एम श्रीशंकर और मोहम्मद अनीस याहिया (लंबी कूद) अब्दुल्ला अबू बाकर , प्रवीण चित्रावल और एल्डोस पॉल (त्रिकूद) तेजिंदर पाल सिंह तूर (तारगोला फेंक)
- नीरज चोपड़ा और रोहित यादव (भाला फेंक)
- संदीप कुमार (20 किमी पैदल चाल)
- अमोल जैकब, नोह निर्मल टॉम, मोहम्मद अजमल, नागनाथन पंडी, राजेश रमेश और मोहम्मद अनस याहिया (चार गुणा 400 मीटर)
भारतीय टीम (महिला)
- एस धनलक्ष्मी (200 मीटर)
- ऐश्वर्य कैलाश मिश्रा (400 मीटर)
- पारूल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेस)
- अन्नु रानी (भाला फेंक)
- प्रियंका गोस्वामी (20 मीटर पैदल चाल)