महिला वर्ल्ड कप 2025 के बीच मध्य प्रदेश के शहर इंदौर से एक बड़ा मामला सामने आया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में शनिवार को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका का मैच होना है। उससे पहले खबर मिली है कि ऑस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेटरों के साथ बाइक सवाल एक मनचले ने रोड पर छेड़छाड़ की है। इस मामले में पुलिस ने इंदौर के आजाद नगर निवासी अकील को दोषी बताया और उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।
इस मामले में अधिक जानकारी सामने आने के बाद पता चला कि ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम रेडिसन होटल में रुकी थी। वहां से नजदीक एक कैफे है जहां दोनों खिलाड़ी पैदल जा रही थीं। मगर इसी बीच बाइक सवार अकील आता है और दोनों क्रिकेटर्स के साथ छेड़छाड़ करने लगता है। इसके बाद रोड पर मौजूद एक व्यक्ति ने उसकी बाइक का नंबर नोट किया। वहीं एक कार सवार ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के सुरक्षा मैनेजर डैनी सिमंस ने गुरुवार शाम ही एमआईजी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और अकील को गिरफ्तार भी किया। रोड पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस शिकायत की जांच हुई और आरोपी को छेड़छाड़, गलत तरीके से छूने और पीछा करने का दोषी पाया गया।
साउथ अफ्रीका से आखिरी लीग मैच
ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम टूर्नामेंट में अभी तक अंक तालिका में टॉप पर बनी हुई है। शनिवार को इंदौर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसका आखिरी लीग मैच है। इस मैच के बाद तय होगा कि ऑस्ट्रेलिया भारत या इंग्लैंड में से किसके साथ सेमीफाइनल खेलेगा। अगर इस मैच में ऑस्ट्रेलिया जीता तो 29 अक्टूबर को गुवाहाटी में भारत से सेमीफाइनल खेलेगा। अगर हारा तो 30 अक्टूबर को सेमीफाइनल में उसकी इंग्लैंड से भिड़ंत होगी।
