भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे महिला वर्ल्ड कप 2025 का 15वां मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गई। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच सामना हो रहा था। पहली पारी में श्रीलंका की टीम ने 6 विकेट खोकर 258 रन बनाए थे। उसके बाद दूसरी पारी में बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। इस कारण अंत में मैच को रद्द कर दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिया गया।
अंक तालिका में किसे फायदा?
अब इस मैच के रद्द होने के बाद अंक तालिका में क्या फेरबदल हुआ है वो बात करते हैं। इस मैच में 1-1 अंक श्रीलंका और न्यूजीलैंड दोनों को मिला। इससे श्रीलंका को तो कुछ नुकसान नहीं हुआ और वो बिना जीते ही अंक पा गई। श्रीलंकाई टीम का एक मैच और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ा था। यानी 2 अंक के साथ दो हार झेलने वाली श्रीलंकाई टीम 7वें स्थान पर ही बनी हुई है।
मगर इस मैच के रद्द होने से न्यूजीलैंड को जरूर नुकसान हुआ है। पहले दो मैच गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की टीम ने पिछले मैच में बांग्लादेश पर शानदार जीत दर्ज की थी। वहीं यहां भी जीत के साथ उसे 2 अंकों की जरूरत थी। मगर बारिश के कारण उसे अंक के साथ ही संतोष करना पड़ा। ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम अभी 3 अंक लेकर भारत के बाद पांचवें स्थान पर ही बनी हुई है। लेकिन आगे चलकर भारत के लिए यह मुश्किल खड़ी कर सकता है।
भारत के लिए बढ़ सकता है खतरा
भारत को अपना अगला मुकाबला लगातार दो हार के बाद मजबूत इंग्लैंड टीम से 19 अक्टूबर को खेलना है। जबकि न्यूजीलैंड पाकिस्तान की टीम से 18 अक्टूबर को भिड़ेगी। ऐसे में अगर न्यूजीलैंड को जीत मिली तो वो भारत से आगे हो जाएगी। पाकिस्तान का हालिया प्रदर्शन देखते हुए कीवी टीम के लिए वो मुकाबला काफी आसान हो सकता है। जबकि भारत अगर इंग्लैंड से हारा तो वो और नीचे पांचवें स्थान पर खिसकते हुए टॉप 4 से बाहर हो जाएगा।

यानी भारत के लिए हर हाल में अब बचे हुए सभी मुकाबले जीतना जरूरी है। भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ जीत से शुरुआत की थी। मगर उसके बाद दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे हार झेलनी पड़ी है। अगले दो मुकाबलों में उसका सामना इंग्लैंड और न्यूजीलैंड से होना है। यह दोनों ही मैच आसान नहीं होने वाले हैं। ऐसे में भारत की राह फिफ्टी-फिफ्टी के चांस पर अटकी है।