Women’s World Cup 2025 Semifinal Qualification Scenario, Points Table: दिवाली की पूर्व संध्या पर इंदौर में एक बड़ा जश्न शुरू होने वाला था। स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने शतकीय साझेदारी की थी। दीप्ति शर्मा ने पहले चार विकेट चटकाए और फिर संयमित अर्धशतक जड़ा। जब भारत को 57 गेंद पर 57 रन की जरूरत थी और सात विकेट गिरना शेष थे।

महिला वनडे में अपने सबसे सफल लक्ष्य का पीछा करने की भारतीय टीम की कोशिश अच्छी चल रही थी, लेकिन बड़े मैचों की घबराहट ने उन्हें घेर लिया, जैसा कि हाल के दिनों में अक्सर होता रहा है। नतीजा यह हुआ कि टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई और आईसीसी वुमेन्स वर्ल्ड कप 2025 में अपने पांचवें मैच में इंग्लैंड के खिलाफ चार रन से हार गई।

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम की यह लगातार तीसरी हार है। भारत पर जीत के बाद इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका पहले ही नॉकआउट के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। अब भारत, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान भी महिला एकदिवसीय विश्व कप 2025 की अंक तालिका में शीर्ष चार में जगह बनाने की रेस में हैं। हालांकि, गुरुवार 23 अक्टूबर 2025 को न्यूजीलैंड के साथ अहम मुकाबले में भारत का अभियान पटरी से उतरने की आशंका है।

भारत के खिलाफ चार रनों की जीत के साथ, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बाद इंग्लैंड महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने वाली तीसरी टीम बन गई। टूर्नामेंट में अब आठ लीग मैच बाकी हैं, जिसमें पांच टीमें अंतिम स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। सेमीफाइनल की दौड़ में शामिल सभी टीमों के लिए परिदृश्य इस प्रकार हैं।

भारत: मैच खेले- 5, जीते- दो, हारे-तीन, अंक-4, नेट रनरेट- 0.526

भारत अगर न्यूजीलैंड और बांग्लादेश को हरा देता है, तो उसके आठ अंक हो जाएंगे और वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। हालांकि, अगर भारत अपने अगले दो मैच में से केवल एक में ही जीत हासिल करता है तो उसे अन्य टीमों के परिणामों पर भी नजर रखनी होगी। अगर भारत की टूर्नामेंट में तीसरी जीत न्यूजीलैंड के खिलाफ होती है, तो उसे यह सुनिश्चित करना होगा कि उसका नेट रनरेट बांग्लादेश से आगे रहने के लिए पर्याप्त हो। बांग्लादेश के पास भी श्रीलंका और भारत को हराकर तीन जीत हासिल करने का मौका है।

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ बारिश भी भारत के लिए एक अच्छा परिणाम साबित हो सकती है, भले ही भारतीय टीम बांग्लादेश से हार जाएं (और न्यूजीलैंड इंग्लैंड से हार जाए), बशर्ते श्रीलंका और पाकिस्तान में से किसी एक के खाते में छह अंक न हों।

अगर नवी मुंबई में भारत के दोनों मैच बारिश के कारण रद्द हो जाते हैं, तो वे सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएंगे, लेकिन केवल तभी जब इंग्लैंड न्यूजीलैंड को हरा दे। अगर उपरोक्त परिदृश्य में श्रीलंका और पाकिस्तान में से किसी एक के भारत के साथ छह अंक बराबर हो जाते हैं, तो बेहतर नेट रन रेट के कारण भारत आगे बढ़ जाएगा।

न्यूजीलैंड: मैच खेले- 5, जीता- एक, हारे- दो, बेनतीजा- दो, अंक- चार, नेट रनरेट: -0.245

न्यूज़ीलैंड का भारत के खिलाफ अगला मैच उनके लिए करो या मरो जैसा होगा। न्यूजीलैंड की टीम यदि भारत के खिलाफ हार जाती है तो उसका विश्व कप अभियान समाप्त हो जाएगा। अगर वह अपने अगले दोनों मैच जीत जाती है तो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

न्यूजीलैंड अगर भारत को हरा देता है लेकिन इंग्लैंड से हार जाता है तो उसे उम्मीद करनी होगी कि बांग्लादेश भारत को हरा दे और श्रीलंका से हार जाए। उपरोक्त परिदृश्य में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मैच का बारिश में धुल जाना भी न्यूजीलैंड के लिए एक सकारात्मक परिणाम होगा।

अगर श्रीलंका बांग्लादेश और पाकिस्तान को हरा देता है तो उसके छह अंक हो सकते हैं, जबकि पाकिस्तान दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका दोनों को हराकर छह अंक हासिल कर सकता है, लेकिन न्यूजीलैंड का नेट रनरेट बेहतर है। हालांकि, बांग्लादेश अगर श्रीलंका को हरा देता है, तो न्यूजीलैंड को नवी मुंबई में भारत और बांग्लादेश के बीच मैच के बारिश में धुलने की उम्मीद करनी होगी।

न्यूजीलैंड अगर भारत को हरा देता है और इंग्लैंड के खिलाफ उसका मैच बारिश में धुल जाता है, तो अन्य परिणामों की परवाह किए बिना वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। भारत के खिलाफ मैच बारिश में धुलने से न्यूजीलैंड को तभी फायदा होगा, जब वह इंग्लैंड को हरा दे और भारत बांग्लादेश के खिलाफ दो अंक न ले पाए। न्यूजीलैंड के अगर बाकी दोनों मैच बारिश में धुल जाते हैं तब भी वह सेमीफाइल में पहुंच सकता है, बशर्ते भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका या पाकिस्तान में से किसी के भी 6 अंक नहीं होने पाएं।

बांग्लादेश: मैच खेले- 5, जीता- एक, हारे- चार, अंक- दो, नेट रनरेट: -0.676

सिर्फ एक मैच जीतने वाली बांग्लादेश के पास अब भी सेमीफाइनल में पहुंचने का एक मौका है। बांग्लादेश को श्रीलंका और भारत के खिलाफ अपने अगले दोनों मुकाबले जीतने होंगे। साथ ही उम्मीद करनी होगी कि इंग्लैंड न्यूजीलैंड को हराकर उस पर अहसान करे।

अगर न्यूजीलैंड भारत को हराकर 6 अंक हासिल कर लेता है तब भी बांग्लादेश अधिक जीत के आधार पर आगे बढ़ जाएगा। अगर भारत और न्यूजीलैंड दोनों के 6-6 अंक हो जाते हैं तो बांग्लादेश को अपने आखिरी दोनों मैच में बड़ी जीत हासिल करनी होगी, क्योंकि उसका नेट रनरेट भारत से काफी कम है।

श्रीलंका और पाकिस्तान: मैच खेले- 5, जीते- कोई नहीं, हारे- 3-3, अंक- दो, नेट रनरेट: क्रमशः -1.564 और -1.887

अब तक कोई जीत नहीं मिलने के बावजूद श्रीलंका और पाकिस्तान दोनों ही सेमीफाइनल की दौड़ में बने हुए हैं। श्रीलंका को पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ अपने बाकी बचे दो मैच जीतने होंगे और उम्मीद करनी होगी कि भारत अपने बाकी बचे सभी मैच हार जाए। इसके अलावा, उसे लीग चरण के आखिरी दिन इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की भी हार की दुआ करनी होगी।

इस स्थिति में श्रीलंका के न्यूजीलैंड के साथ छह अंक बराबर होंगे, लेकिन अगर वह अपने बाकी बचे मैचों में बड़ी जीत हासिल नहीं करता है तो नेट रनरेट के मामले में पीछे रह जाएगा। पाकिस्तान के लिए भी यही बात लागू होती है। पाकिस्तान को दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के खिलाफ अपने आखिरी दो मैच ऐसे अंतर से जीतने होंगे जिससे उनका नेट रनरेट न्यूजीलैंड से आगे हो जाए।