ICC Womens World Cup 2022: आईसीसी वुमन्स वर्ल्ड कप 2022 के 8वें मैच में 10 मार्च 2022 को न्यूजीलैंड ने भारत को 62 रन से हरा दिया। न्यूजीलैंड की यह लगातार दूसरी जीत है। वहीं, भारत अपना पहला मैच हारी है। इस हार के कारण मिताली राज की अगुआई वाली भारतीय टीम पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर खिसक गई। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 4 अंक के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई।

हैमिल्टन के सेडान पार्क में खेले गए इस मैच में भारतीय कप्तान मिताली राज ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 260 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम 46.4 ओवर में 10 विकेट पर 198 रन ही बना पाई। भारत की ओर से हरमनप्रीत कौर टीम की हाइएस्ट स्कोरर रहीं। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 63 गेंद में 71 रन बनाए।

उनके अलावा मिताली राज ने 31 रन बनाए। ओपनर यास्तिका भाटिया 28 रन बनाकर आउट हुईं। स्नेह राणा ने 18, झूलन गोस्वामी ने 15 और मेघना सिंह ने 12 रन का योगदान दिया। इनके अलावा उसकी कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाई।

न्यूजीलैंड की ओर से ली ताहुहू ने सिर्फ 17 रन देकर 3 विकेट लिए। एमेलिया केर ने भी 3 विकेट झटके। हेले जेनसन ने 2 विकेट लिए। जेस केर और हन्नाह रोव भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहीं। न्यूजीलैंड की एमी सदरवेट प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।

इससे पहले भारत की ओर से पूजा वस्त्राकर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 10 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट लिए। भारतीय क्रिकेट टीम को 261 रन का लक्ष्य मिला है। पूजा वस्त्राकर ने 47वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट चटकाए।

उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर ली ताहुहू (एक रन) को बोल्ड किया। चौथी गेंद पर जेस केर (शून्य) को भी बोल्ड किया। हालांकि, वह हैट्रिक नहीं बना पाईं। पांचवीं गेंद पर वह फ्रांसेस मैक्के (Frances Mackay) को पवेलियन नहीं भेज पाईं। पूजा का वनडे इंटरनेशनल में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

पूजा वुमन्स वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत की हाइएस्ट स्कोरर रहीं थीं। पूजा ने 8 चौके की मदद से 59 गेंद में 67 रन की पारी खेली थी। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुनी गईं थीं। वह पिछले मैच में गेंदबाजी नहीं कर पाईं थीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारत की ओर से झूलन गोस्वामी और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट लिए। वहीं, राजेश्वरी गायकवाड़ 2 विकेट लेने में सफल रहीं।

न्यूजीलैंड की ओर से एमी सदरवेट (Amy Satterthwaite) हाइएस्ट स्कोरर रहीं। एमी सदरवेट ने 9 चौके की मदद से 84 गेंद में 75 रन बनाए। उन्हें पूजा वस्त्राकर ने पवेलियन भेजा। एक समय लग रहा था कि न्यूजीलैंड 50 ओवर में 280-290 का स्कोर बना लेगी। उसका 44 ओवर के बाद स्कोर 5 विकेट पर 229 रन था, लेकिन आखिरी 6 ओवर में वह सिर्फ 31 रन ही बना पाई और 4 विकेट भी गंवाए।

एमी सदरवेट के अलावा न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान सोफी डिवाइन (Sophie Devine) ने 7 चौके की मदद से 30 गेंद में 35 रन, एमेलिया केर (Amelia Kerr) ने 5 चौके की मदद से 64 गेंद में 50 रन, मैडी ग्रीन (Maddy Green) ने 3 चौके की मदद से 36 गेंद में 27 रन और विकेटकीपर केटी मार्टिन (Katey Martin) ने 3 चौके की मदद से 51 गेंद में 41 रन बनाए।