आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप 2025 में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ जीत से अपना अभियान शुरू किया था। भारतीय महिलाओं ने अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान को 88 रन के बड़े अंतर से हराया। हालांकि, इसके बाद टीम इंडिया की गाड़ी पटरी से उतर गई। भारतीय टीम को नौ अक्टूबर को साउथ अफ्रीका और 12 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-3 विकेट से हार झेलनी पड़ी।

भारतीय टीम का महिला विश्व कप में अब अगला मुकाबला रविवार 19 अक्टूबर 2025 को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड से होना है। इंग्लैंड की टीम महिला विश्व कप 2025 की अंक तालिका में अभी दूसरे नंबर पर है। उसने 3 मैच खेले हैं और सभी जीते हैं। भारतीय टीम चौथे नंबर पर है। उसने 4 मैच खेले हैं और उसके 4 अंक हैं।

महत्वपूर्ण है भारत बनाम इंग्लैंड मुकाबला

वुमेन्स वनडे वर्ल्ड कप 2025 की अंक तालिका में अपनी जगह मजबूत करने को लेकर इंग्लैंड के खिलाफ भारत का मुकाबला महत्वपूर्ण है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच माना जा रहा है। यह मैच टूर्नामेंट के नॉकआउट समीकरण तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Womens World Cup Points Table: न्यूजीलैंड-श्रीलंका का मैच रद्द, भारत की बढ़ सकती है मुश्किल

इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय महिला टीम ने महाकाल का आशीर्वाद लिया। भारतीय टीम 15 अक्टूबर की तड़के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन किए। खिलाड़ियों और अन्य सदस्यों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया और टीम की जीत के लिए प्रार्थना की।

VIDEO में देखें टीम इंडिया की भक्ति

https://twitter.com/ANI/status/1978254321343926400

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

टीम की महाकाल दर्शन वाली तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं। फैंस लगातार खिलाड़ियों की आस्था की सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा, बाबा का आशीर्वाद मिला है, अब जीत तय है। वीडियो में दिख रहा है कि पूरी टीम ने आरती के बाद महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और मंदिर के पुजारियों से आशीर्वाद प्राप्त किया।