रिंकू सिंह ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में दिखाया कि भारत को लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में बेहतरीन फिनिशर मिलने को तैयार है। विशाखापट्टनम में खेला गया पहला टी20 मैच आखिरी गेंद तक चला गया था। लगातार 3 गेंद पर 3 विकेट गिरने के बाद भी रिंकू दबाव में नहीं आए और टीम को दो विकेट से जीत दिलाई। आखिरी गेंद पर जब एक रन की जरूरत थी, रिंकू ने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज सीन एबॉट की गेंद को लॉन्ग ऑन पर छक्का जड़ दिया, लेकिन भारत और रिंकू के खाते में यह छक्का नहीं जुड़ा।
भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। रिंकू सिंह और अक्षर पटेल क्रीज पर थे। तीन गेंद पर तीन विकेट गिरने से मैच रोमांचक हो गया था। रिंकू ने पहली गेंद पर चौका जड़ा। अगली गेंद पर लेग बाय का सिंगल आया। तीसरी गेंद पर अक्षर पटेल पवेलियन लौट गए। चौथी गेंद पर रिंकू को स्ट्राइक पर लाने के प्रयास में रवि बिश्नोई रन आउट हुए। अगली गेंद पर सिंगल आया और दो रन के प्रयास में अर्शदीप रन आउट हुए। मुकेश कुमार क्रीज पर आए।
रिंकू सिंह का छक्का स्कोर बोर्ड में क्यों नहीं जुड़ा
भारत को 1 गेंद पर 1 रन चाहिए था। रिंकू सिंह ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा। हालांकि, सीन एबॉट की यह गेंद नो बॉल थी। यही वजह है कि रिंकू का छक्का स्कोर में नहीं जुड़ा। नो बॉल के कारण भारत ने जीत के लिए जरूरी एक रन पहले ही बना लिया और छक्के की गिनती नहीं हुई। रिंकू सिंह ने 14 गेंद पर 4 चौके की मदद से नाबाद 22 रन बनाए।
सूर्यकुमार की कप्तानी में पहला मैच
रिंकू के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 42 गेंद पर 80 और इशान किशन ने 39 गेंद पर 58 रन बनाए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने जोस इंग्लिस की 50 गेंद पर 110 और स्टीव स्मिथ की 41 गेंद पर 52 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में 3 विकेट पर 208 रन बनाए। टीम इंडिया ने यह मैच जीतकर 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। सूर्यकुमार की कप्तानी में यह पहला मैच था।