भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) ने बुधवार 9 अगस्त 2023 को नॉर्थम्प्टन के काउंटी ग्राउंड में समरसेट के खिलाफ वन-डे कप टूर्नामेंट में नॉर्थम्पटनशायर के लिए दोहरा शतक लगाया। नॉर्थम्पटनशायर के लिए अपने तीसरे मैच में बल्लेबाजी की शुरुआत करते हुए पृथ्वी शॉ ने 81 गेंद (14 चौके, 2 छक्के) में शतक पूरा किया। पृथ्वी शॉ ने 129वीं गेंद पर अपना दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने दोहरे शतक के लिए 24 चौके और 8 छक्के लगाए। पृथ्वी शॉ ने इसके साथ ही लिस्ट ए क्रिकेट में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
पृथ्वी शॉ का पिछला दोहरा शतक 2020-21 विजय हजारे ट्रॉफी में आया था। तब उन्होंने पुडुचेरी के खिलाफ मुंबई के लिए नाबाद 227 रन की पारी खेली थी। वह टूर्नामेंट में उस समय का सर्वोच्च स्कोर था। पृथ्वी शॉ ने उस पारी को बेहतर किया और नॉर्थम्पटनशायर की पारी के 50वें ओवर में 152 गेंदों में 28 चौके और 11 छक्कों की मदद से 244 रन की तूफानी पारी खेलने के बाद आउट हुए। पृथ्वी शॉ की पारी की मदद से नॉर्थम्पटनशायर ने वन-डे कप में अपना दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। नॉर्थम्पटनशायर ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 415 रन बनाए।
पृथ्वी शॉ ने लिस्ट ए क्रिकेट में 50+ औसत से बनाए हैं 2900 से ज्यादा रन
पृथ्वी शॉ ने अब तक 56 लिस्ट ए मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 50 से अधिक औसत के साथ 2900 से अधिक रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 20 बार 50 से अधिक का स्कोर किया। पृथ्वी शॉ पिछले हफ्ते अपने डेब्यू मैच में ग्लूस्टरशायर के खिलाफ 34 रन पर हिटविकेट हो गए थे।
पृथ्वी शॉ की ओर से बनाए गए लिस्ट ए रिकॉर्ड्स
- पृथ्वी शॉ ने अपना उच्चतम लिस्ट ए स्कोर (244 रन) बनाया। पृथ्वी शॉ वनडे कप में दोहरा शतक बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने।
- पृथ्वी शॉ ने वनडे कप में अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने ओली रॉबिन्सन के 206 (2022 में केंट के लिए) रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
- पृथ्वी शॉ ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा बाउंड्री (39 बाउंड्री (28 चौके, 11 छक्के)) लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए।
- पृथ्वी शॉ के 244 रन इंग्लिश लिस्ट ए क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। पहले नंबर पर अली ब्राउन हैं। अली ब्राउन ने 2002 में चेल्टनहैम और ग्लूसेस्टर ट्रॉफी में 268 रन बनाए थे।
- पृथ्वी शॉ ने सैफ जैब के 136 रन को पीछे छोड़ते हुए वन-डे कप में नॉर्थम्पटनशायर के बल्लेबाज द्वारा उच्चतम स्कोर का रिकॉर्ड बनाया।
- पृथ्वी शॉ रोहित शर्मा के बाद लिस्ट ए में सबसे ज्यादा बार दोहरे शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय और कुल मिलाकर चौथे क्रिकेटर हैं। रोहित शर्मा लिस्ट ए क्रिकेट में 3 बार दोहरा शतक लगा चुके हैं। वहीं अली ब्राउन और ट्रैविस हेड 2-2 बार दोहरा शतक लगा चुके हैं।
- पृथ्वी शॉ ने वनडे कप में किसी भारतीय द्वारा सर्वोच्च स्कोर के चेतेश्वर पुजारा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
- पृथ्वी शॉ ने इंग्लैंड में किसी भारतीय द्वारा सर्वोच्च लिस्ट ए स्कोर के मामले में भारत के सौरव गांगुली 183 रन (साल 1999 में श्रीलंका के खिलाफ) को पीछे छोड़ दिया।