शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने 13 अक्टूबर की रात दिल्ली कैपिटल्स को 3 विकेट से हरा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के फाइनल में प्रवेश किया। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला सांसे रोक देने वाला था। कहना गलत नहीं होगा कि केकेआर इस बार फाइनल में पहुंची है तो इसका श्रेय राहुल त्रिपाठी को जाता है।

एक समय केकेआर की टीम को मैच जीतने के लिए 2 गेंद में 6 रन की जरूरत थी। तभी राहुल ने अश्विन की हैट्रिक बॉल पर छक्का लगा केकेआर को फाइनल का टिकट दिला दिया। मैच के बाद राहुल त्रिपाठी की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हुई।

बाजीगर फिल्म के हीरो शाहरुख खान के इस खिलाड़ी के लिए किसी ने लिखा, ‘हारकर जीतने वाले को राहुल त्रिपाठी कहते हैं।’ किसी ने लिखा, ‘राहुल नाम तो याद होगा।’ किसी ने लिखा, ‘राहुल त्रिपाठी नाम तो सुनते रहोगे।’ बता दें कि आईपीएल 2020 के दौरान मैच जिताऊ पारी खेलने पर शाहरुख खान ने राहुल त्रिपाठी के लिए कहा था, ‘राहुल नाम तो सुना ही होगा।’ बहुत से लोगों ने राहुल त्रिपाठी की तारीफ में मीम्स भी शेयर किए।

ऐसा रहा आखिरी 4 ओवर का रोमांच

केकेआर ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 135 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर ने 16 ओवर में 2 विकेट पर 123 रन बना लिए थे। उसे जीत के लिए 4 ओवर में सिर्फ 13 रन चाहिए थे और उसके 8 बल्लेबाज आउट होना बाकी थे।

ऋषभ पंत ने 17वां ओवर आवेश खान से कराया। आवेश ने इस ओवर में सिर्फ 2 रन दिए और शुभमन गिल का विकेट भी झटक लिया। अब केकेआर को 3 ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। उसके 7 विकेट गिरना शेष थे। कगिसो रबाडा 18वां ओवर लेकर आए। उन्होंने सिर्फ एक रन दिया और दिनेश कार्तिक को पवेलियन की राह दिखा दी। केकेआर के लिए अब लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं था। उसे जीत के लिए 2 ओवर में 10 रन चाहिए थे और उसके 6 बल्लेबाज आउट होना बाकी थे।

इसके बाद एनरिक नॉर्ट्जे 19वां ओवर लेकर आए। राहुल त्रिपाठी ने उनकी पहली गेंद पर 2 और तीसरी गेंद पर एक रन लिया। केकेआर को गेंद में 9 गेंद में 7 रन चाहिए थे। इयोन मॉर्गन क्रीज पर थे। वह अगली 2 गेंद में एक भी रन नहीं ले पाए और आखिरी गेंद में आउट हो गए। ऋषभ पंत ने आखिरी ओवर फेंकने की जिम्मेदारी रविचंद्रन अश्विन को दी। राहुल त्रिपाठी ने पहली गेंद पर एक रन लिया, लेकिन शाकिब दूसरी गेंद पर कोई रन नही ले पाए और तीसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए।

अब केकेआर को 3 गेंद में 6 रन चाहिए थे। अगली गेंद पर सुनील नरेन भी लॉन्ग ऑफ पर अक्षर पटेल के हाथों लपके गए। हालांकि, इस दौरान साइड चेंज हो गई और राहुल त्रिपाठी स्ट्राइक पर आ गए। अब केकेआर को 2 गेंद में 6 रन चाहिए। रोमांच अपने चरम पर था। अश्विन हैट्रिक से एक विकेट दूर थे। दोनों टीमों के फैंस की भी सांसे थमी हुईं थीं। तभी राहुल त्रिपाठी ने अश्विन की गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का मार दिया और केकेआर फाइनल में पहुंच गया।

कोलकाता नाइट राइडर्स ने शारजाह में खेले गए आईपीएल 2021 के दूसरे क्वालीफायर में दिल्ली कैपिटल्स को 3 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के बाद अब कोलकाता दुबई में होने वाले फाइनल मुकाबले में शुक्रवार (15 अक्टूबर) को चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।

राहुल त्रिपाठी के अलावा वेंकटेश अय्यर और शुभमन गिल ने भी केकेआर के लिएशानदार पारियां खेलीं। वेंकटेश अय्यर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। गिल और अय्यर की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत एक समय केकेआर एकतरफा अंदाज में जीतती हुई नजर आ रही थी। हालांकि, आखिरी 4 ओवर में पासा एकदम पलट गया और मैच रोमांचक हो गया।