IND vs SA, 2nd Test Match, Virat Kohli Records: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली रिकॉर्डों के पर्याय बनते जा रहे हैं। वे जिस भी मैच में खेलते हैं, कोई नया रिकॉर्ड बना देते हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने ऐसा ही कारनामा किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 7वीं बार 200 रन का आंकड़ा पार किया। उन्होंने टेस्ट में अपना हाइएस्ट स्कोर भी बनाया।
विराट का यह 81वां टेस्ट है। खास यह है कि भारतीय कप्तान ने शुरुआती 41 टेस्ट मैच में एक भी दोहरा शतक नहीं बना पाए थे। बाद के 40 टेस्ट मैचों में उन्होंने 7 दोहरे शतक जड़ दिए। ऐसा कर उन्होंने सिर्फ एक खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि कई देशों को भी पीछे छोड़ दिया। विराट ने जून 2016 से अब तक 7 दोहरे शतक लगाए हैं।
अन्य टीमों की बात करें तो इस दौरान इंग्लैंड की ओर से कुल 3 दोहरे शतक लगे हैं। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के सभी बल्लेबाज मिलकर इतने यानी 3-3 दोहरे शतक लगा पाए हैं। ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन तो और निराशाजनक है। उसकी ओर से जून 2016 के बाद से अब तक सिर्फ 2 दोहरे शतक ही लगे हैं। बांग्लादेश की ओर से इस दौरान 2 दोहरे शतक ही लग पाए। वेस्टइंडीज की बल्लेबाज एक ही दोहरा शतक लगा पाए हैं।
विराट के नाम एक और अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है। टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से हाइएस्ट स्कोर करने के मामले में वे 15 बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दुनिया का कोई भी बल्लेबाज अपने हाइएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड इतनी बार नहीं तोड़ पाया है।
विराट ने इस मैच में भी अपने हाइएस्ट स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में नाबाद 254 रन बनाए। इससे पहले उनका हाइएस्ट स्कोर 243 रन था। जो उन्होंने 2 दिसंबर 2017 को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। विराट ने उसके बाद से अब दोहरा शतक लगाया है।

