भारत के कप्तान विराट कोहली अपनी फिटनेस का पूरा ध्यान रखते हैं। कोहली बिरयानी के बेहद शौकीन थे, लेकिन विराट ने अपनी फिटनेस के लिए खुद को वेजिटेरियन बना लिया। एक इंटरव्यू के दौरान विराट ने बताया था कि वह लगभग 4 महीने एनिमल प्रोटीन से दूर रहे थे और इसका अच्छा प्रभाव उन्हें उनकी खेल के दौरान भी दिखा था। कोहली के वर्तमान डाइट में प्रोटीन शेक, सब्जियां और सोया शामिल हैं। कोहली के अलावा दुनिया में कई ऐसे टॉप एथलीट्स हैं जिन्होंने खुद को वेजिटेरियन बना लिया। हम आपको यहां ऐसे ही खिलाड़ियों के बारे में बता दे रहे हैं।

कोहली के अलावा इस लिस्ट में सबसे ऊपर अमेरिका की स्टार टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स का नाम हैं। सेरेना ने खुद को 2014 में वेजिटेरियन बना लिया। वे खुद को ज्यादा स्वस्थ रखना चाह रही थीं। उनको विश्वास था कि वेजिटेरियन बनने से शरीर का सिस्टम साफ हो जाएगा। उनकी बहन और स्टार टेनिस प्लेयर वीनस विलियम्स भी वेजिटेरियन हैं। उन्होंने सांस संबंधी बीमारी से लड़ने के बाद मांसाहार छोड़ने का फैसला किया था।

कोहली के बाद में भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री भी वेजिटेरियन बन गए। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वे 2013 में फुटबॉल क्लब स्पोर्टिंग लिस्बन के साथ एक कार्यक्रम के दौरान इसे लेकर जागरूक हो गए थे। 35 वर्षीय छेत्री अब जो भी खाते हैं उसे लेकर ज्यादा जागरूक रहते हैं। भारतीय कप्तान ये भी सोचते हैं कि किसी को अपने शरीर के बारे में पता होना चाहिए। छेत्री के अलावा दुनिया के टॉप फार्मूला वन रेसर लुईस हैमिल्टन भी वेजिटेरियन हैं। वे 2017 में वेजिटेरियन बने थे। वे जानवरों की हत्या के खिलाफ अभियान का समर्थन करते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, शाकाहारी होने का एक फायदा यह है कि यह ना केवल आपके शरीर के अंदर ब्लड सर्कुलेशन को बनाए रखता है, बल्कि आपकी रक्त वाहिकाओं और धमनियों को भी साफ करता है। यह हृदय से जुड़ी समस्याओं के खतरे को कम करने में मदद करता है। वेजिटेरियन लोगों में एनर्जी ज्यादा होती है। आमतौर पौधों में प्रोटीन और विटामिन बी12 जैसे सभी महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिसका सेवन एथलिट करते हैं।