भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप के बाद से फैंस की नजरों से दूर हैं। टीम इंडिया की मुंबई में हई विजयी परेड के बाद वह लंदन रवाना हो गए। विराट कोहली लंदन में पहली बार बेटे अकाय के साथ नजर आए। सोशल मीडिया पर कोहली फैमिली का यह वीडियो काफी वायरल हुआ।

विराट कोहली बेटे के साथ आए नजर

वीडियो में विराट कोहली अपने पूरे परिवार के साथ नजर आए। विराट और अनुष्का दुकान से फूल खरीदते हुए नजर आए। अकाय विराट कोहली की गोद में थे। वहीं वामिका वहीं पास में पेड़ के पीछे छुपती हुई नजर आई। इस वीडियो में विराट के बेटे अकाय का चेहरा नजर नहीं आया। यह पहला मौका है जब कोहली के बेटे का कोई वीडियो सामने आया है।

लंदन में ही हुआ था कोहली के बेटे का जन्म

विराट कोहली के बेटे अकाय का जन्म इसी साल 15 फरवरी को लंदन में हुआ था। विराट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी थी। हालांकि उन्होंने न तो बेटे की कोई तस्वीर शेयर की और न ही वह कभी बेटे के साथ नजर आए। कोहली का परिवार पिछले काफी समय से लंदन में रह रहा है।

कोहली के लिए बहुत अहम है परिवार

कोहली के लिए उनका परिवार सबसे अहम है। बारबाडोस से 16 घंटे की फ्लाइट लेकर कोहली दिल्ली आए थे जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से की थी। इसके फौरन बाद वह मुंबई पहुंचे और विजयी मार्च में हिस्सा लिया। कोहली उसी रात फ्लाइट लेकर लंदन रवाना हो गए थे ताकी वह अपने परिवार के साथ समय बिता सके।

विराट कोहली टी20 को अलविदा कह चुके हैं। भारत को अब श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। कोहली इस सीरीज के साथ वापसी कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने खुद को इस सीरीज के लिए उपलब्ध बताया है।