विराट कोहली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 9 हमशक्लों के साथ 10 अलग-अलग चेहरे शेयर किए हैं। उन्होंने अपनी इस फोटो के कैप्शन में सभी फैंस को टास्ट देते हुए लिखा है, इनमें से ऑड (अलग) को पहचानिए। एक क्षण में आप भी विराट की इस तस्वीर को देख कंफ्यूज हो जाएंगे कि इसमें से असली कौन है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने रविवार को अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस तस्वीर को शेयर किया है। इस फोटो में उनके समेत 10 अलग-अलग विराट कोहली नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह सभी उनके डुप्लिकेट या हमशक्ल हैं। इसमें से एक असली विराट भी हैं जिसे पहचानने के लिए उन्होंने अपने फैंस को टास्ट दिया है।
विराट कोहली की इस फोटो पर काफी यूजर्स लगातार कमेंट कर रहे हैं। कई लोग उनके इस फोटो में से दो चेहरों पर मोहम्मद सिराज और बाबर आजम को भी ट्रोल कर रहे हैं। ज्यादातर लोग उनकी इस फोटो में से उनका असली चेहरा जूम करके फोटो रिप्लाई के साथ कमेंट में भेज रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर भी विराट कोहली की इस तस्वीर पर एक्टर करण वाही समेत कई लोगों ने कमेंट किया है। करण ने लिखा है कि, विराट इलेवन और यह एक पूरी टीम है। हालांकि इस फोटो में सिर्फ विराट कोहली के 10 चेहरे हैं। इसके अलावा कोई लिख रहा है कि, लीजेंड हमेशा बेस्ट होते हैं। वहीं किसी ने कहा कि, विराट कोहली सिर्फ एक हैं।
विराट कोहली ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद वनडे टीम की कप्तानी भी उनसे ले ली गई थी। साउथ अफ्रीका में हार के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी से भी उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा सीरीज में वह पहली बार रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलने उतरे थे। दूसरे टी20 में उन्होंने तेज तर्रार अर्धशतक भी जड़ा था।
उन्हें विंडीज के खिलाफ आखिरी टी20 और श्रीलंका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है। शनिवार को आगामी सीरीज के लिए टीम सेलेक्शन के दौरान चयनकर्ताओं ने उन्हें बायो-बबल ब्रेक देने का ऐलान किया था। लंबे समय से फैंस को विराट के 71वें शतक का भी इंतजार है। अब वह संभवत: श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में अपना 100वां टेस्ट खेलते नजर आएंगे।