कोरोनावायरस के कारण खेलों के सभी टूर्नामेंट को फिलहाल रद्द या स्थगित कर दिया गया है। टलने वाले टूर्नामेंट में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 13वां सीजन भी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसे अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है। इस साल टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है। यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में खेला जाएगा। प्रशंसकों को उम्मीद है कि तब तक कोरोना का असर कम हो जाएगा और टी20 वर्ल्ड कप सही से होगा। इस वर्ल्ड कप के आयोजन में तो काफी समय है, लेकिन हम आपको इससे संबंधित एक रोचक रिकॉर्ड की जानकारी दे रहे हैं।

बहुत कम ही क्रिकेट फैंस को याद होगा कि आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सबसे ज्यादा रन किसके नाम दर्ज है? यह रिकॉर्ड दुनिया के बेहतरीन कलात्मक बल्लेबाजों में शामिल श्रीलंका के महेला जयवर्धने के नाम है। उन्होंने 31 मैच में 1016 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 39.07 और स्ट्राइक रेट 134.74 का रहा है। उन्होंने 6 अर्धशतक और 1 शतक भी लगाया है। हालांकि, उनका यह रिकॉर्ड इस बार टूट सकता है।

सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में चौथे और छठे स्थान पर दो धुरंधर भारतीय खिलाड़ी हैं। चौथे स्थान पर हैं टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और छठे स्थान पर हिटमैन रोहित शर्मा। दोनों के पास इस बार जयवर्धने को पीछे छोड़ने का मौका है। कोहली ने 16 मैच में 777 रन बनाए हैं। उनके नाम 9 अर्धशतक हैं। रोहित ने 28 मैच में 663 रन बनाए हैं। भारतीयों में तीसरे स्थान पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह हैं। उन्होंने 31 मैच में 593 रन बनाए थे। महेंद्र सिंह धोनी ने 33 मैच में 529 रन बनाए हैं। गौतम गंभीर ने 21 मैच में 524 रन बनाकर इस मामले में पांचवें स्थान पर हैं।

इस बार वर्ल्ड कप में कोहली और रोहित के बीच सबसे ज्यादा रन बनाने की होड़ रहेगी। उनदोनों में टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने की होड़ पहले से ही है। कोहली ने 82 मैच में 2794 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए हैं। दूसरी ओर, रोहित शर्मा ने 108 मैच में 2773 रन बनाए हैं। उनके नाम 4 शतक और 21 अर्धशतक हैं। रोहित टी20 और वनडे में लंबी पारियां खेलने के लिए जाने जाते हैं। फैंस को इन दोनों से बेहतरीन बल्लेबाजी की उम्मीद रहेगी, जिससे कि भारत 2007 के बाद चैंपियन बन सके।