भारत में क्रिकेटरों को काफी सम्मान मिलता है। फैंस उनकी एक झलक पाने को बेताब रहते हैं। वे उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में भी जानना चाहते हैं। उनके परिवार के सदस्य क्या करते हैं, यह भी जानना चाहते हैं। इस लेख के जरिए हम आपको 6 दिग्गज भारतीय क्रिकेटरों की पत्नियों और उनके प्रोफेशन के बारे में बताएंगे।
अनुष्का शर्मा : भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा बॉलीवुड की प्रसिद्ध एक्ट्रेस हैं। उनका क्लीन स्टेट फिल्मस (Clean Slate Films) नाम का प्रोडक्शन हाउस भी है। हाल ही में इस प्रोडक्शन हाउस की रिलीज फिल्म ‘पाताललोक’ को लेकर काफी बवाल भी मचा था। अनुष्का ने शाहरुख खान के साथ ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से करियर की शुरुआत की थी। वह बैंड बाजा बारात, पीके और सुल्तान समेत बॉलीवुड को कई हिट फिल्में दे चुकी हैं।
रितिका सजदेह : हिटमैन रोहित शर्मा से शादी से पहले भी रितिका सजदेह के क्रिकेटरों संग बहुत अच्छे रिश्ते थे। रितिका स्पोर्ट्स मैनेजर थीं। उन्होंने चचेरे भाई बंटी सचदेवा के स्वामित्व वाली मैनेजमेंट कंपनी कॉर्नरस्टोन स्पोर्ट एंड एंटरटेनमेंट में काम किया था। उनका परिवार मुख्य रूप से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उनके भाई आईएमजी रिलायंस के लिए काम करते हैं। शादी के बाद से वह रोहित के सभी प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट्स मैनेज करती हैं।
दीपिका पल्लीकल : भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक से शादी करने से पहले ही दीपिका पल्लीकल भारत की नंबर वन महिला स्क्वैश खिलाड़ी थीं। वह PSA रैंकिंग के शीर्ष 10 में शामिल होने वाली पहली भारतीय भी हैं। 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने दो पदक जीते थे। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में कुल 7 पदक जीते हैं। वह अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री से भी सम्मानित की जा चुकी हैं।
स्नेहल जाधव : भारत में बहुत कम क्रिकेटर हैं, जिनकी पत्नियां भी उसी पेशे से जुड़ी हैं। इस मामले में केदार जाधव लकी हैं। उनकी पत्नी स्नेहल प्रमोद जाधव प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं। उन्होंने महाराष्ट्र और वेस्ट जोन के लिए राज्य स्तर पर खेला है। हालांकि, वह इंटरनेशनल स्तर पर जगह नहीं बना पाईं। वह हैदराबाद और ओडिशा जैसी अन्य राज्य टीमों के लिए भी क्रिकेट खेल चुकी हैं। स्नेहल जाधव ने 37 लिस्ट ए, एक प्रथम श्रेणी और 31 टी20 मैच खेले हैं।
रीवा सोलंकी : भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने रीवा सोलंकी से शादी की है। दोनों की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी। रीवा ने राजकोट स्थित एटमिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। वह पिछले साल भाजपा में शामिल हुई हैं। भाजपा में शामिल होने से एक साल पहले वह गुजरात में करणी सेना की महिला शाखा की प्रमुख के रूप में काम कर चुकी हैं।
प्रीति अश्विन : रविचंद्रन अश्विन ने 2011 में प्रीति से शादी की थी। शादी से पहले अश्विन और प्रीति एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। दोनों ने एक ही इंजीनियरिंग कॉलेज, एसएसएन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से पढ़ाई की है। प्रीति ने इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी से बीटेक किया है। अश्विन ने बतौर इंजीनियर कुछ कंपनियों में काम किया है। हालांकि, अब वह हाउसवाइफ हैं और सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी रहती हैं।