भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली को विजडन ने इस दशक की टेस्ट टीम का कप्तान चुना है। दुनिया के श्रेष्ठ क्रिकेटरों वाली इस सूची में भारत के रविचंद्रन अश्विन इकलौते ऑफ स्पिनर हैं। बता दें कि खेल के सबसे लंबे प्रारूप यानी टेस्ट में कोहली ने अब तक 94 मैचों में 54.97 के औसत से 7202 रन बनाए हैं। इसमें उनके 27 शतक और 25 अर्धशतक भी शामिल हैं। दूसरी ओर, अश्विन ने 70 टेस्ट मैचों में 362 विकेट झटके हैं। उन्होंने 27 बार मैच में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।

कोहली विजडन की दशक की वनडे टीम में भी शामिल हैं। वनडे टीम में कोहली के अलावा अन्य भारतीयों में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के नाम भी शामिल हैं। 50-50 ओवर के फॉर्मेट में भारतीय कप्तान कोहली के 242 मैचों में 59.84 के औसत के साथ 11,609 रन हैं। रन-मशीन के नाम से प्रसिद्ध कोहली वनडे में 43 शतक और 55 अर्धशतक लगा चुके हैं।

रोहित के 221 वनडे मैचों में 49.14 के औसत के साथ 8944 रन हैं। इसमें उनके 28 शतक और 43 अर्धशतक शामिल हैं। हाल ही में, ICC की जारी ODI बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर कायम रहने वाले रोहित ने शानदार अंदाज में इस साल यानी 2019 का समापन किया। मुंबई के इस बल्लेबाज ने 2019 में क्रिकेट के इस फॉर्मेट में 2,442 रन बनाए। उन्होंने क्रिकेट के किसी एक फॉर्मेट में एक कैलेंडर ईयर में बतौर सलामी बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाने वाले श्रीलंका के सनत जयसूर्या के 22 साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

धोनी अब तक 350 वनडे मैचों में 10773 रन बना चुके हैं। इसमें 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल हैं। धोनी इस साल जुलाई में इंग्लैंड में हुए विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। वहीं, रविचंद्रन अश्विन ने 70 टेस्ट मैचों में 2.83 के इकॉनमी और 25.36 के औसत से 362 विकेट लिए हैं। वे 27 बार टेस्ट में 5 या उससे ज्यादा, जबकि 7 बार 10 या उससे ज्यादा विकेट ले चुके हैं।

विजडन की दशक की टेस्ट टीम : एलिस्टर कुक (इंग्लैंड), डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया), कुमार संगकारा (श्रीलंका), स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया), विराट कोहली (भारत), बेन स्टोक्स (इंग्लैंड), एबी डिविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका), रविचंद्रन अश्विन (भारत), डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका), कगिसो रबाडा (दक्षिण अफ्रीका), जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड)।

विजडन की दशक की वनडे टीम : रोहित शर्मा (भारत), विराट कोहली (भारत), डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया), एबी डीविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका), जोस बटलर (इंग्लैंड), शाकिब अल हसन (बांग्लादेश), महेंद्र सिंह धोनी, लसिथ मलिंगा, मिशेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया), ट्रेंट बोल्ट (न्यूजीलैंड), डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका)।