भारत और श्रीलंका के बीच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेले जा रहे आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे दिन काफी ड्रामा देखने को मिला। फील्डिंग के दौरान श्रीलंका के खिलाड़ी स्मॉग से जूझते हुए दिखाई दिए। मैच के दौरान कई श्रीलंकाई खिलाड़ी मास्क पहने हुए भी दिखाई दिए। इतना ही नहीं लाहिरू गमागे और सुरंगा लकमल तो खेल बीच में छोड़कर अचानक मैदान से बाहर भी चले गए। इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली पहले तो श्रीलंका के खिलाड़ियों द्वारा बार-बार मैच रोकने के कारण गुस्सा होते नजर आए और बाद में तो वह श्रीलंका के कप्तान दिनेश चांडीमल की एक हरकत से इतना खफा हो गए कि उन्होंने भारत की पारी 536/7 पर ही घोषित कर दी। दरअसल लकमल और गमागे के जाने के बाद फील्डिंग के लिए श्रीलंका के पास पूरे खिलाड़ी नहीं थे। चांडीमल 10 खिलाड़ियों के साथ ही फील्डिंग कर रहे थे और जब रिद्धिमान साहा ने चौका मारा तब उन्होंने अंपायर से खिलाड़ी कम होने की बात कही।
गमागे 125वें ओवर के दौरान ही मैच बीच में छोड़कर चले गए थे और 127वें ओवर के दौरान लकमल ने खेल छोड़ दिया। वहीं दिलरुवान परेरा ने अपना ओवर खत्म कर दिया था। इसके अलावा लक्षण संदाकन उस वक्त गेंदबाजी कर रहे थे। संदाकन की पांचवी गेंद पर साहा ने चौका मारा, साहा के शॉट के बाद ही चांडीमल को यह अहसास हुआ कि श्रीलंका के पास एक खिलाड़ी की कमी है। जिसके बाद वह अंपायर के साथ अपनी इस परेशानी की चर्चा करने लगे और खेल एक बार फिर बीच में ही कुछ समय के लिए रुक गया। कप्तान विराट कोहली पहले से ही खेल को बार-बार बीच में रोके जाने से परेशान थे और चांडीमल के बर्ताव से एक बार फिर उन्हें गुस्सा आ गया और उन्होंने अपने खिलाड़ियों की तरफ हाथ हिलाकर उन्हें वापस आने का इशारा कर दिया।
Innings break! India declare their innings on 536/7.
Updates – https://t.co/OKFOpkiBg9 #INDvSL pic.twitter.com/jRzygy50g4
— BCCI (@BCCI) December 3, 2017
फिलहाल टीम इंडिया फील्डिंग कर रही है और किसी भी खिलाड़ी ने मास्क नहीं पहना है। अपनी पहली पारी खेलने उतरी श्रीलंका को पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने झटका दिया। उन्होंने दिमुथ करुणारत्ने को विकेट के पीछे रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। ईशांत ने धनंजय डी सिल्वा (1) को 14 के कुल स्कोर पर पगबाधा आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। वहीं तीसरा विकेट जडेजा ने दिलरुवान (42) के रूप में लिया। श्रीलंका ने अभी तक 37 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 124 रन बना लिए हैं।

