हिमांशु अग्निहोत्री। विराट कोहली 50 ओवर के घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने दिल्ली टीम को अपनी उपलब्धता बता दी है। दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने जनसत्ता से इस बात की पुष्टि की है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अशोक शर्मा ने मंगलवार (2 दिसंबर 2025) को जनसत्ता से इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘हां, यह सही है। उन्होंने अपनी उपलब्धता बताई है।’
अशोक शर्मा ने बताया, ‘भारत बनाम साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज के बाद वह इंग्लैंड लौट जाएंगे। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए फिर भारत आएंगे। विजय हजारे ट्रॉफी 24 दिसंबर से 18 जनवरी तक होनी है। विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली का अभियान 24 दिसंबर को बेंगलुरु में आंध्र के खिलाफ मैच से शुरू होगा। टूर्नामेंट में उसे कुल 6 मैच खेलने हैं। माना जा रहा है कि विराट कोहली दिल्ली के लिए सभी मैचों में उपलब्ध नहीं रह पाएंगे।
भारत के लिए अब सिर्फ एक प्रारूप में खेलने वाले विराट कोहली अभी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय शृंखला में खेल रहे हैं। विराट कोहली फरवरी 2010 में सेना के खिलाफ खेलने के बाद पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करेंगे। सैंतीस साल के विराट कोहली ने रांची में शृंखला के पहले मैच में अपना 52वां शतक बनाया। इससे पता चलता है कि वह इस साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने के बाद खेल के सिर्फ एक प्रारूप में खेलने के बावजूद लय में हैं।
विराट कोहली ने बारबडोस में 2024 विश्व कप में भारत की जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था। जब कोहली मैदान पर होंगे तो प्रशंसकों के बड़ी संख्या में मैदान पर आने की उम्मीद है। इस साल की शुरुआत में कोहली एक रणजी ट्रॉफी मैच में आकर्षण का केंद्र थे जब उन्होंने 12 साल से अधिक समय में अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेला था। तब विराट कोहली को खेलते हुए देखने के लिए 12000 से अधिक लोग आए थे। यह संख्या लंबे समय से किसी घरेलू मैच के लिए नहीं सुनी गई थी।
विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की तैयारी के लिए रणजी ट्रॉफी में लौटे थे, लेकिन एक हैरान करने वाले फैसले में उन्होंने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अनुबंधित क्रिकेटरों के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य कर दिया है, जब तक कि वह चोटिल नहीं हों या राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेल रहे हों।
रोहित के भी विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की उम्मीद
इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट से संन्यास लेने वाले रोहित शर्मा के भी विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलने की उम्मीद है। विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शृंखला के पहले मैच में क्रमशः शतक और अर्धशतक लगाया था। उन्होंने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कई महीनों बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। ऑस्ट्रेलिया में पहले दो मैचों में खाता खोलने में नाकाम रहने के बाद विराट कोहली ने तीसरे और आखिरी एकदिवसीय में अर्धशतक जड़ा था। रोहित शर्मा ने सिडनी में हुए उसी मैच में शतक लगाया था। KIUG 2025: 9 साल में पिता को खोया, कोच भी छूटा, चोटों से जूझी, अब रचा इतिहास, जिद और लगन की मिसाल है गोल्ड मेडलिस्ट कीर्तिना के संघर्ष की कहानी
