भारतीय कप्तान विराट कोहली के घर किलकारी गूंजी है। वे पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने सोमवार (11 जनवरी) को बेटी को जन्म दिया है। कोहली ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनुष्का और उनकी बेटी दोनों स्वस्थ हैं। आपको बता दें कि कोहली ने अगस्त में ही बता दिया था कि अनुष्का जनवरी में मां बनने वाली हैं। अनुष्का और विराट की बेटी का जन्म मुंबई के एक निजी अस्पताल में हुआ है।

विराट कोहली ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘हम दोनों को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज दोपहर हमारे यहां बेटी हुई है। हम आपके प्यार और मंगलकामनाओं के लिए दिल से आभारी हैं। अनुष्का और हमारी बेटी, दोनों बिल्कुल ठीक हैं और यह हमारा सौभाग्य है कि हमें इस जिंदगी का यह चैप्टर अनुभव करने को मिला। हम जानते हैं कि आप यह जरुर समझेंगे कि इस समय हम सब को थोड़ी प्राइवसी चाहिए होगी।’’

इन सबके बीच विराट कोहली के भाई विकास कोहली ने भी नन्हीं परी का स्वागत करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। विकास की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई। उनकी पोस्ट में एक नवजात के पैर दिख रहे थे। इसके बाद ज्यादातर लोगों ने माना कि यह तस्वीर विराट और अनुष्का की बेटी की है। हालांकि, मंगलवार को विकास ने अपनी पोस्ट को लेकर स्पष्ट किया।

उन्होंने बताया कि वह तस्वीर विराट और अनुष्का की बेटी की नहीं हैं। विकास ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ‘दोस्तों में यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने अनुष्का और विराट को बधाई देने के लिए कल जो पोस्ट की थी वह एक रैंडम फोटो थी। कुछ मीडिया चैनल्स ने इसे चला दिया… इसलिए मैं ये सफाई दे रहा हूं।’

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Vikas Kohli (@vk0681)

अनुष्का के मां बनते ही सोशल मीडिया पर उन्हें और विराट को बधाइंयों का तांता लग गया। बधाइयों का यह दौर अभी जारी है। अनुष्का और उनकी बेटी दोनों स्वस्थ हैं। जल्द ही विराट और अनुष्का बेटी के साथ अस्पताल से घर जाएंगे। बता दें विरुष्का (विराट और अनुष्का) का आलीशान घर मुंबई के वर्ली में है। उनके अपार्टमेंट का नाम ‘Omkar 1973’ है। साल 2017 में ये दोनों सितारे शादी के बाद इस घर में शिफ्ट हुए थे। खबरें थीं कि दोनों ने शादी से पहले साल 2016 में यह घर खरीदा था।

विराट और अनुष्का ने 11 दिसंबर 2017 को शादी की थी। इटली में हुई इस शादी में करीबी दोस्तों और कुछ रिश्तेदारों को ही बुलाया गया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेलने के बाद विराट भारत वापस लौट आए थे। बीसीसीआई से उन्होंने पैटरनिटी लीव मांगी थी। इसे बोर्ड ने मंजूर कर ली थी।