भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली पहली बार पिता बनने वाले हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ फोटो शेयर कर इस बात की जानकारी दी। कोहली ने गुरुवार (27 अगस्त) ट्वीट करते हुए कहा- जनवरी 2021 में हम दो से तीन हो जाएंगे। ट्वीट में विराट ने लव और नमस्ते वाली इमोजी भी लगाई। इसी साल टीम इंडिया के विस्फोटक ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी पिता बने हैं। उसके बाद से सोशल मीडिया पर यह सवाल लगातार लोग पूछ रहे थे कि कोहली कब पिता बनेंगे। अब भारतीय कप्तान ने इन सवालों का जवाब दे दिया है।

विराट ने इस गुड न्यूज को शेयर करते हुए जो फोटो लगाई है, उसमें अनुष्का शर्मा का बेबी बंप नजर आ रहा है। अनुष्का शर्मा ने भी ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। कोहली के ट्वीट को सिर्फ 33 मिनट में 87 हजार से ज्यादा लाइक मिल गए। 16 हजार से ज्यादा बार रीट्वीट हुआ और 7 हजार से ज्यादा कमेंट आए। विराट कोहली फिलहाल आईपीएल 2020 के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) गए हैं। अनुष्का उनके साथ नहीं गई हैं। विराट रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान हैं। आईपीएल 19 सितंबर से 10 नवंबर तक खेला जाएगा।

विराट और अनुष्का 2013 में एक-दूसरे से मिले थे। उन्होंने एक टीवी कर्मशियल में एक साथ काम किया था। इसके बाद, दोनों बहुत अच्छे दोस्त बन गए और अलग-अलग जगहों पर एक साथ स्पॉट किए जाने लगे। बेशक, कुछ ही समय में, इन दोनों ने एक-दूसरे को डेट करने की अफवाहें भी सामने आने लगी थी। रिपोर्ट के अनुसान, जनवरी 2014 में जब टीम इंडिया अपने दक्षिण अफ्रीका दौरे से मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंची थी, तब सभी का ध्यान आकर्षित हुआ। दोनों की लव स्टोरी इसके 3 साल बाद 2017 में शादी में बदल गई।

पिछले साल दिसंबर में सेकंड वेडिंग एनिवर्सरी पर दोनों ने अपनी शादी के वक्त की फोटो शेयर की थी। दोनों ने इन पोस्ट्स में प्यार को अलग अंदाज में समझाया था। अनुष्का ने लिखा था, ‘‘किसी दूसरे व्यक्ति से प्यार करना भगवान का चेहरा देखना है- विक्टर ह्यूगो। प्यार के बारे में बात इतनी है कि यह सिर्फ एक भावना नहीं है, यह उससे कहीं अधिक है। यह एक मार्गदर्शक, एक प्रेरक और पूर्ण सत्य का मार्ग है और मैं शुक्रगुजार हूं। सही मायने में जिसने इसे पाया है। वहीं, विराट ने भी अनुष्का और अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि वास्तव में केवल प्रेम है और कुछ नहीं। जब ईश्वर आपको उस व्यक्ति का साथ आशीर्वाद के रूप में देता है जो आपको उस रोज का एहसास कराता है, तब आपके पास सिर्फ एक भावना होती है, आभार।’’