दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर और चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व खिलाड़ी एल्बी मोर्केल ने कहा है कि 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ एक ओवर में 28 रन की पारी से उनके करियर पर बड़ा प्रभाव पड़ा। उस मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स को जीत मिली थी। मोर्केल ने मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली के ओवर में 28 रन जड़ दिए थे। चेन्नई के इस पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि उन्हें आजतक यह पता नहीं चला कि आरसीबी ने उन्हें ओवर क्यों दिया? पता नहीं क्यों वे बॉलिंग करने आए थे?

आरसीबी ने चेन्नई को 206 रन का लक्ष्य दिया था। विराट कोहली ने 46 गेंद पर 57 रन बनाए थे। क्रिस गेल ने 68 और मयंक अग्रवाल ने 45 रन की पारी खेली थी। जवाब में चेन्नई के लिए फाफ डुप्लेसिस ने 71 रन बनाए थे। महेंद्र सिंह धोनी 24 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हुए थे। कप्तान के आउट होने के बाद चेन्नई की टीम दबाव में थी। उसे जीत के लिए आखिरी दो ओवर में 43 रन बनाने थे। डेनियल विटोरी ने 19वें ओवर में गेंदबाजी के लिए कोहली को बुलाया। मोर्केल ने उनके ओवर में 28 रन ठोक दिए। इसके बाद विनय कुमार के आखिरी ओवर में 15 रन बनाकर सीएसके की टीम जीत गई।

मोर्केल ने 7 गेंद पर 28 रन बनाए थे। उन्होंने तीन छक्के और दो चौके लगाए। ड्वेन ब्रावो ने 15 गेंद पर 25 रन बनाए थे। उन्होंने 2 चौके और एक छक्के लगाए थे। मोर्केल ने चेन्नई सुपरकिंग्स के इंस्टाग्राम लाइव चैट पर कहा, ‘सीएसके की टीम मुश्किल मैच में जीत हासिल करने का रास्ता निकाल लेती है। खासकर आरसीबी के खिलाफ। उस मुकाबले में एक समय हम बाहर हो गए थे। आरसीबी ने मैच अपने पाले में कर लिया था। मुझे उसके बारे में कोई आइडिया नहीं कि उन्होंने कोहली को गेंदबाजी के लिए क्यों भेजा था। उन्हें वह ओवर नहीं करना चाहिए था।’’

मोर्केल ने कहा, ‘‘19वां और 20वां ओवर बाकी था। हमें 2 ओवर में 43 रन बनाने थे। मैं 7वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए गया था। आप उस दौरान स्कोरबोर्ड देखेंगे तो कहेंगे 2 ओवर में 40 रन , यह तो असंभव है। मैं गया और देखा कि विराट गेंदबाजी के लिए आए हैं तो सोचा कि कुछ शॉट लग जाए तो हम नजदीक पहुंच सकते हैं। पहले ही गेंद पर चौका चला गया था। गेंद स्टंप के बगल से निकल गई थी। उसके बाद थर्ड मैन पर मौका मिला। इसके बाद मैंने 28 रन बना दिए।’’