भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा इस समय ब्रिटेन में हैं। विराट इंग्लैंड के साथ पांच मैच की टेस्ट सीरीज के सिलसिले में इंग्लैंड में हैं। इस वजह से अनुष्का शर्मा भी उनके साथ हैं। दोनों ने पिछले सप्ताह अपनी बेटी वामिका के छह महीने के होने पर लंदन में उसका जन्मदिन मनाया था। अब अनुष्का शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कर फैंस के साथ छोटा-सा मजाक किया है।

अनुष्का ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, शहर में वह आराम से घूम रही थीं। मैं हवा में उड़ रहे बालों को सही कर रही थी। एक फैन ने मुझे देख लिया और मैं फोटो क्लिक कराने के लिए बाध्य हो गई। वह खुश दिख रहा था। मेरे प्रशंसकों के लिए कुछ भी! हालांकि, सभी तस्वीरें देखने पर पता चलता है कि वह फैन कोई और नहीं, बल्कि विराट कोहली ही हैं। अनुष्का ने बाद में यह भी बताया कि असल में उनकी ये तस्वीरें किसी दूसरे फैन ने क्लिक की हैं।

विराट के साथ अनुष्का को यूं मजाक-मस्ती करते देख फैंस भी इनकी तस्वीर पर प्यार लुटा रहे हैं। तस्वीर में दोनों ही हंसते-मुस्कुराते दिख रहे हैं। अनुष्का ऑलिव ग्रीन कार्डिगन और ब्लू जींस में कूल लुक दे रही हैं। विराट व्हाइट पैंट और ब्लैक स्वेटशर्ट पहने हुए हैं।

अनुष्का और विराट ने वामिका के 6 महीने की होने का सादगी से जश्न मनाया था। अनुष्का ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा की थीं। तस्वीरों के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, उसकी एक हंसी हमारी पूरी दुनिया बदल सकती है। मुझे उम्मीद है कि हम दोनों उस प्यार पर खरे उतर सकते हैं, जितने प्यार से तुम हमें देखती हो, नन्ही परी। हम तीनों को 6 महीने मुबारक।

बात अगर अनुष्का के वर्कफ्रंट की करें तो बॉलीवुड एक्ट्रेस ने इस साल अप्रैल में फिर से शूटिंग का काम शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुष्का नवदीप सिंह निर्देशित कानेडा और क्रिकेटर झूलन गोस्वामी की बायोपिक में दिखाई देंगी। उन्हें आखिरी बार सिल्वर स्क्रीन पर 2018 में शाहरुख खान और कैटरीना कैफ के साथ फिल्म ‘जीरो’में देखा गया था।