भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली को रविवार को नशे में ड्राइव करने और दूसरी कार को टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। उनके ऊपर भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 336 (अन्य लोगों की ज़िदंगी और सुरक्षा को खतरे में डालना) तथा 427 (ऐसी हरकत करना जिससे नुकसान हो) के तहत बांद्रा थाने में एक मामला भी दर्ज किया गया था।
वहीं ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली का नाम विवादों में घिरा हो। इससे पहले भी विनोद कांबली का नाम कई विवादों में सामने आ चुका है। फिर चाहें 1996 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में फिक्सिंग की बात हो या फिर सचिन तेंदुलकर पर उनके द्वारा लगाए गए आरोप। कई बार उनके और उनकी पत्नी एंड्रिया के ऊपर मारपीट के आरोप भी लगे हैं। आइए एक-एक करके जानते हैं कांबली के सभी विवादों के बारे में।
1996 वर्ल्ड कप में फिक्सिंग के आरोप
विनोद कांबली ने 1996 में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में भारत की हार की वजह मैच फिक्सिंग बताई थी। उन्होंने दावा किया था कि तत्कालीन कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन सहित टीम के अन्य बल्लेबाजों और मैनेजर ने मुकाबला फिक्स किया था। इस मैच में भारत को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था और कांबली एक छोर पर अकेले नाबाद रहे गए थे।
नौकरानी के साथ मारपीट के आरोप
2015 में विनोद कांबली की नौकरानी ने उनके ऊपर और उनकी पत्नी एंड्रिया हेविट पर मारपीट और तीन दिन तक कमरे में बंद रखने के आरोप लगाए थे। नौकरानी का कहना था कि पैसे मांगने पर उसके साथ मारपीट हुई। उस मामले में भी कांबली को जेल जाना पड़ा था। हालांकि, बाद में इस मामले को अलग ही मोड़ दिया गया था कि नौकरानी ड्रग्स लेती थी।
बॉलीवुड सिंगर के पिताजी के साथ मारपीट
कांबली और विवाद इतनी जल्दी दूर नहीं हो सकते और इसी कड़ी में एक और विवाद चुड़ गया लेकिन इस बार शामिल थीं उनकी पत्नी। दरअसल एक शॉपिंग मॉल में बॉलीवुड सिंगर अंकित तिवारी के पिता का हाथ कांबली की पत्नी एंड्रिया के हाथ से टच हो गया। इतने में ही एंड्रिया ने सिंगर के बुजुर्ग पिता राजेंद्र कुमार के घूसा मार दिया। बाद में वह सिंगर के भाई पर सैंडिल लेकर भी आगे बढ़ने लगीं। इसके बाद अंकित तिवारी के परिवार ने कांबली और उनकी पत्नी के ऊपर केस किया।
नवजोत सिंह सिद्धू और रमीज राजा को कहे अपशब्द
विनोद कांबली ने पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिंद्धू व मौजूदा पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा के लिए ट्विटर पर अपशब्द लिखे थे। हालांकि, बाद में कांबली ने इस पर माफी मांगी थी और कहा था कि उनके अकाउंट से उनके दोस्त न वह पोस्ट किया था जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया।
दोस्त सचिन तेंदुलकर पर भी लगाए थे आरोप
साल 2009 में रियलिटी शो ‘सच का सामना’ में कांबली ने कहा था कि उनके साथ टीम में भेदभाव हुआ था। जब वह बुरे दौर से गुजर रहे थे तब सचिन को उनकी मदद करनी चाहिए थी। शो के बाद भी कांबली ने इस बात को दोहराया था कि, सचिन ने उनके बुरे समय में उनका साथ नहीं दिया। इसके बाद सचिन ने 2013 की फेयरवेल पार्टी में सबको बुलाया था लेकिन कांबली उस पार्टी का हिस्सा नहीं थे।
हालांकि, हाल ही में 18 जनवरी 2022 को उनके 50वें जन्मदिन पर सचिन ने उनके लिए बर्थडे विश पोस्ट किया था। विनोद कांबली एक समय अपने करियर की शुरुआत में काफी चर्चित नाम थे। उनकी घरेलू क्रिकेट में सचिन के साथ 664 से अधिक की साझेदारी आज भी याद की जाती है। इसमें कांबली के रन सचिन से अधिक 349 थे।
उस वक्त सचिन 16 साल के थे और कांबली 17 साल के। इसके बाद 21 साल की उम्र में कांबली ने डेब्यू किया और पहले 7 टेस्ट मैच में दो दोहरे शतक व दो शतक लगा दिए थे। उस दौर में उन्हें सचिन से बेहतर बल्लेबाज कहा जाने लगा था। लेकिन उनका करियर कैसे अर्श से फर्श पर आया वह आज जगजाहिर है और सचिन तेंदुलकर को आज क्रिकेट का भगवान कहा जाता है।