भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाली विनेश फोगाट अपनी राजनीतिक पारी का आगाज कर चुकी हैं। उन्होंने 10 सितंबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में जुलाना सीट से कांग्रेस उम्‍मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस नामांकन पत्र में उन्होंने अपनी और पति सोमबीर राठी की संपत्ति का विवरण दिया है।

इस विवरण के मुताबिक विनेश और सोमबीर करोड़ों के मालिक हैं। उनके पास महंगे घर से लेकर लग्जरी गाड़ियां भी मौजूद हैं। सोने चांदी के अलावा उन्होंने शेयर मार्केट में भी लाखों रुपए का निवेश किया है। इसके बावजूद विनेश फोगाट लाखों के कर्ज में हैं।

विनेश फोगाट की संपत्ति

विनेश फोगाट के पास एक करोड़ 10 लाख रुपए की चल संपत्ति वहीं दो करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनके पति सोमवीर राठी के पास 57 लाख 35 हजार रुपए की चल संपत्ति है।

कैश और बैंक अकाउंट्स की जानकारी की शेयर

विनेश फोगाट के पास छह सितंबर 2024 की तारीख तक एक लाख 95 हजार रुपए कैश में थे। उनके अलग-अलग बैक अकाउंट्स में लगभग 40 लाख रुपए मौजूद हैं। वहीं उनके नाम 1.5 लाख रुपए की इंश्योरेंस पॉलिसी भी है।

कई लग्जरी गाड़ियों की है मालकिन

विनेश फोगाट कई गाड़ियों की मालकिन हैं। उनके पास 35 लाख रुपए की कीमत वाली वॉल्वो गाड़ी है। वहीं यह स्टार पहलवान 12 लाख रुपए की हुंडाई क्रेटा की भी मालकिन हैं। साल 2021 में उन्होंने 17 लाख रुपए की टोयोटा इनोवा ली थीं। वहीं दो साल पहले 40 हजार रुपए की कीमत वाली टीवीएस जुपिटर भी अपने नाम पर खरीदी।

अगर सोने और चांदी की बात करें तो यहां भी विनेश लाखों की मालकिन हैं। उनके पास 35 ग्राम सोना हैं जिसकी कीमत दो लाख 25 हजार रुपए हैं। वहीं उनके नाम 50 ग्राम चांदी भी है। यह सब मिलाकर उनके पास एक करोड़ 10 लाख रुपए की चल संपत्ति है।

करोड़ों में है घर की कीमत

विनेश अपने पति के साथ सोनीपत में अलीशान घर में रहती हैं। साल 2019 में यह घर खरीदा था। पांच साल पहले 6750 स्क्वायर फुट के इस घर की कीमत एक करोड़ 85 लाख रुपए थी। हालांकि इस समय विनेश के घर की कीमत लगभग दो करोड़ रुपए है।

विनेश फोगाट को चुकाना है लोन

विनेश ने इस हलफनामे में अपने नाम पर मौजूद लोन के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपने नाम पर ली गई इनोवा गाड़ी के लिए उन्हें लगभग 13 लाख रुपए चुकाने हैं।

विनेश के पति सोमबीर की संपत्ति

विनेश फोगाट के पति सोमवीर राठी के पास भी काफी संपत्ति है। उनके पास लगभग 57 लाख रुपए की चल संपत्ति हैं। इसका बड़ा हिस्सा शेयर मार्केट मेंहैं। सोमबीर ने कई कंपनी के शेयर्स खरीदे हैं जिनकी कीमत लाखों में हैं। वहीं सोमबीर के पास साढ़े 19 लाख रुपए की महिंद्र स्कोरपियो गाड़ी भी है। सोमवीर राठी के पास 28 ग्राम सोना है जिसकी कीमत 1 लाख 79 हजार रुपए हैं वहीं, 100 ग्राम चांदी है जिसकी कीमत 9000 रुपए है।