मुंबई के उभरते हुए सितारे आयुष म्हात्रे ने मंगलवार (31 दिसंबर) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप सी मैच में नागालैंड के खिलाफ शानदार शतक लगाकर इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज करा लिया। महज 17 साल और 168 दिन की उम्र में म्हात्रे लिस्ट ए क्रिकेट में 150 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।

आयुष ने मुंबई के ही यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने 2019 में झारखंड के खिलाफ 17 साल और 291 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड बनाया था। म्हात्रे ने 181 रन की पारी में 15 खूबसूरत चौके और 11 गगनचुम्बी छक्के लगाए। आयुष और यशस्वी के अलावा 19 वर्ष और 63 दिन की उम्र में रॉबिन उथप्पा ने कर्नाटक के लिए 150 रन से ज्यादा का स्कोर किया था।

अंडर-19 एशिया कप में आयुष म्हात्रे ने शानदार प्रदर्शन किया था

इसके अलावा हैम्पशायर का प्रतिनिधित्व करने वाले इंग्लैंड के टॉम प्रेस्ट ने 19 वर्ष और 136 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। विजय हजारे ट्रॉफी से पहले आयुष म्हात्रे ने हाल ही में समाप्त हुए अंडर-19 एशिया कप में भारत के लिए ओपनिंग की थी। उस टूर्नामेंट में उन्होंने पांच पारियां खेली और 44 की औसत से 176 रन बनाए।

मुंबई ने नागालैंड के खिलाफ 403 रन बनाए

आयुष म्हात्रे ने भारत को अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आयुष म्हात्रे की पारी की मदद से मुंबई ने नागालैंड के खिलाफ 403 रन बनाए। श्रेयस अय्यर की जगह कप्तानी कर रहे शार्दुल ठाकुर ने 28 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली। उन्होंने 8 छक्के लगाए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें