कप्तान पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) के धुआंधार शतक और यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) की शानदार फिफ्टी के दम पर मुंबई ने 9 मार्च को विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) 2020-21 के चौथे क्वार्टर फाइनल में सौराष्ट्र को 9 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही मुंबई ने इस वनडे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां उसकी कर्नाटक से भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल्स 11 मार्च को दिल्ली में खेले जाने हैं।

दिल्ली के पालम ए स्टेडियम में खेले गए मैच में सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट (Jaydev Unadkat) ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। सौराष्ट्र ने 50 ओवर में 5 विकेट 283 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई ने 41.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 285 रन बना सेमीफाइनल में अपनी सीट पक्की कर ली। श्रेयस अय्यर के भारतीय टी20 टीम से जुड़ जाने के कारण इस मैच में मुंबई की कप्तानी पृथ्वी शॉ ने की। पृथ्वी ने 21 चौके और 7 छक्के की मदद से 123 गेंद में नाबाद 185 रन बनाए। उन्होंने 67 गेंद में अपना शतक पूरा किया। पृथ्वी ने 100 गेंद में 150 रन बना लिए थे। उन्होंने चौके-छक्के से ही 126 रन बना डाले।

पृथ्वी का इस टूनामेंट में यह तीसरा शतक है। उन्होंने ग्रुप स्टेज में दो शतक लगाए थे। पृथ्वी ने लीग स्टेज में ही सौराष्ट्र के खिलाफ 227 रन की नाबाद पारी खेली थी। पृथ्वी के साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल ने भी अच्छा खेल दिखाया। यशस्वी ने 10 चौके और एक छक्के की मदद से 104 गेंद में 75 रन बनाए। उन्हें जयदेव उनादकट ने बोल्ड किया। पृथ्वी और यशस्वी ने पहले विकेट के लिए 238 रन की साझेदारी की। विकेटकीपर आदित्त तारे (Aditya Tare ) 20 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले सौराष्ट्र की शुरुआत अच्छी रही। अवि बरोट (Avi Barot) और स्नेल पटेल (Snell Patel) ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। पटेल 30 रन के निजी स्कोर पर शम्स मुलानी की गेंद पर बोल्ड हो गए। अवि बरोट ने भी 37 रन बनाकर पवेलियन की राह पकड़ ली। हालांकि, मध्यक्रम में प्रेरक मांकड़ और अर्पित वसावदा विश्वराज जडेजा का ज्यादा साथ नहीं निभा पाए।

विश्वराज जडेजा (Vishvaraj Jadeja) 53 रन बनाकर 5वें विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। इसके बाद समर्थ व्यास (Samarth Vyas) और चिराग जैनी (Chirag Jani) ने छठे विकेट के लिए 129 रन की नाबाद साझेदारी की। समर्थ ने 7 चौके और 4 छक्के की मदद से 71 गेंद में नाबाद 90 रन बनाए। चिराग 38 गेंद में 53 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया।